
Greater Noida Bus Fire Accident: ग्रेटर नोएडा l उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती हुई स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि कई यात्रियों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
घटना जेवर थाना क्षेत्र की है. गुरुवार देर रात 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक़, राज कल्पना ट्रैवल्स की बस नंबर BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी.
जान बचाने के लिए खिडकी से कूदने लगे यात्री
बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. बस जैसे ही दयानतपुर गांव के पास पंहुचा अचानक बस में आग लग गयी. यात्री जब तक सम्भल पाते देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया. लोग जान बचाने के लिए यहाँ वहां भागने लगे. कुछ यात्री तो खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदने लगे.
9 लोगों की ज़िंदा जलकर मौत
हादसे की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची व राहत बचाव कार्य शुरू किया गया. लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. 9 लोगों की ज़िंदा जलकर मौत हो चुकी थी. कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए. जिन्हे इलाज के लिए भेजा गया है. यात्रियों का सामान और मोबाइल सब बस में जलकर राख हो गए. दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
घटना के वक्त सो रहे थे यात्री
बस में सवार एक यात्री ने बताया, जब मैं सो रहा था, तो किसी ने मुझे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है, और हम सब बाहर निकलने के लिए हड़बड़ी में भागे. वहां से निकलना आसान नहीं था, बहुत ज़्यादा धुआं था. घबराहट के बीच हम किसी तरह बाहर निकल पाए. बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी.
कैसे हुआ हादसा
प्राथमिक जांच के अनुसार, बस में पटाखे भी रखे हुए थे. ड्राइवर तेजी से बस चला रहा था. कुछ देर बाद ड्राइवर केबिन से जलने की बदबू आने लगी. यात्रियों ने चालक और परिचालक को इस बारे में बताया भी पर ध्यान नहीं दिया. ड्राइवर और कंडक्टर अपने केबिन में सिगरेट पीने लगे और कुछ देर बाद ड्राइवर सीट के पास आग लग गयी. फ़िलहाल पुलिस टीम घटना की जांच कर रही है.
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात कर और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.



