तमिलनाडु के सलेम शहर में सूटकेस हत्याकांड का पांच साल बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है. सलेम शहर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला को महाराष्ट्र के पुणे से अरेस्ट किया है. मृतका और आरोपी महिला दोनों ही बांग्लादेश की हैं और अवैध तरीके से भारत में घुसकर ब्यूटी पार्लर व मसाज पार्लर के नाम पर अनैतिक धंधा करती थीं. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करते हुए इस हत्याकांड का खुलासा किया है.

पुलिस के मुताबिक 2021 में सलेम शहर में एक ब्यूटी पार्लर की मालकिन की हत्या हुई थी. वारदात के बाद हत्यारोपियों ने शव के टुकड़े किए और सूटकेस में डालकर बाहर फेंक दिया था. पुलिस ने मामले की जांच की. इस दौरान मृत महिला की पहचान बांग्लादेश की रहने वाली तेजमंडल के रूप में हुई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पता चला कि वह ब्यूटी पार्लर और मसाज पार्लर की आड़ में अनैतिक कार्य करती थी. इसके लिए उसने मुख्य आरोपी निशि समेत कुछ बांग्लादेशी महिलाओं को भी काम पर रखा था.
सामने आई वारदात की कहानी
पुलिस के मुताबिक तेजमंडल यहां सलेम के अथुर निवासी प्रताप के साथ मिलकर ब्यूटी पार्लर चलाती थी. दोनों यहां कुमार सामीपत्ती में किराए का घर लेकर पतिपत्नी की तरह रहते थे. पुलिस की जांच में पता चला कि कुछ समय बाद प्रताप यहां काम करने वाली बांग्लादेशी महिलाओं निशी, शीला, ओशी का भी यौन शोषण करता था. खासतौर पर निशी के साथ उसकी नजदीकियां ज्यादा थीं. आरोप है कि इन महिलाओं को उचित वेतन भी नहीं दिया जाता था.
फिर रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक निशी के पति लुबलू और तेजमंडल के बीच अवैध संबंधों की जानकारी होने पर निशी ने बदला लेने का फैसला किया. फिर अक्टूबर 2021 में एक दिन जब प्रताप चेन्नई गया था, निशि ने अपने चारों साथियों के साथ मिलकर तेजमंडल की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव के टुकड़े कर ट्रॉली सूटकेस में पैककर दिया. इसके बाद आरोपी घर में से नगदी जेवर आदि समेट कर बांग्लादेश भाग गए थे. इधर, तेजमंडल का शव करीब 7 महीने तक मोर्चरी में रखा. जब किसी ने क्लेम नहीं किया तो पुलिस ने अंतिम संस्कार कराया.
दूसरी बार भारत लौटी निशि
पुलिस के मुताबिक इस वारदात के बाद निशि कुछ दिन तो बांग्लादेश में रही, लेकिन दोबारा वापस लौटकर पुणे आ गई. यहां पहचान बदलकर उसने एक कर्नाटक के व्यक्ति से शादी भी की और दोनों साथ में रहने लगे. इसी बीच मुखबिर से मिले इनपुट के आधार परन पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया है. फिलहाल उसे सलेम केंद्रीय जेल में रखा गया है. इस मामले में पुलिस अब अंतर्राष्ट्रीय सीमा सुरक्षा बल की मदद से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है.



