Rishikesh News:उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ऋषिकेश से एक बड़ी खबर सामने आई है. गंगा भोगपुर तल्ला स्थित ‘पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा’ के संचालक नीरज गुप्ता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं. रिजॉर्ट से 5 पन्नों का सुसाइड नोट और गंगा तट पर उनके जूते मिलने के बाद उनके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. वहीं, परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

लापता होने की इस घटना से पूरे इलाके और रिजॉर्ट उद्योग में हड़कंप मच गया है. नीरज गुप्ता के अचानक गायब होने से पहले रिजॉर्ट से पांच पन्नों का एक नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने आत्महत्या करने के कदम उठाने का जिक्र किया है. स्थानीय स्तर पर पड़ताल के दौरान गंगा नदी के किनारे नीरज गुप्ता के जूते बरामद हुए हैं, जिससे आशंका है कि उन्होंने नदी में छलांग लगा दी है.

पत्नी का गंभीर आरोप: जमीन और पैसों के लेनदेन में किया जा रहा था प्रताड़ित

मामले में ग्रेटर नोएडा निवासी नीरज गुप्ता की पत्नी विनीता गुप्ता ने लक्ष्मणझूला थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं. विनीता का आरोप है कि जमीन की खरीदफरोख्त और वित्तीय लेनदेन को लेकर रवि बजाज, गगन बत्रा और उनके साथी उनके पति पर लगातार दबाव बना रहे थे. पत्नी की शिकायत पर लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने रवि बजाज, गगन बत्रा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

SDRF की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन; जांच में जुटी पुलिस

पुलिस और आपदा राहत दल मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रहे हैं. लक्ष्मणझूला पुलिस की देखरेख में एसडीआरएफ की गोताखोर टीम गंगा नदी की तेज धाराओं में नीरज गुप्ता की खोजबीन में जुटी हुई है. लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है. पुलिस पांच पन्नों के सुसाइड नोट, कॉल डिटेल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कर रही है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।