Bengaluru Viral Post: देश की IT सिटी बेंगलुरु में एक महिला के साथ उनके ही घर के अंदर बदसलूकी और यौन उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि एक डिलीवरी एजेंट ने जबरन उनके फ्लैट में घुसकर उनके सामने अपने निजी अंग दिखाए . इस खौफनाक आपबीती को महिला ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए उस वक्त के खौफनाक मंजर का सिलसिलेवार ब्योरा दिया है. महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट उनके घर पर एक पार्सल देने के लिए आया था. पार्सल देने के बाद उसने महिला से इमरजेंसी का हवाला देते हुए शौचालय इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी.

महिला ने लिखा, “मैंने बेहद विनम्रता से कई बार उसे मना किया और साफ शब्दों में कहा कि मैं किसी भी अजनबी को अपने फ्लैट के अंदर आने की अनुमति नहीं देती. मैंने उसे यह भी सुझाव दिया कि अगर बहुत ज्यादा इमरजेंसी है, तो वह बगल के फ्लैट में रहने वाले पुरुष पड़ोसियों से मदद मांग सकता है. लेकिन मेरी बारबार की मनाही के बावजूद, उसने जबरन अपने चप्पल उतारे और मेरी मर्जी के बिना मेरे घर के अंदर घुस गया.”

शौचालय से बाहर आते ही की अश्लील हरकत

महिला का आरोप है कि मर्यादा और कानून की सारी हदें पार करते हुए डिलीवरी बॉय ने घर के अंदर बेहद घिनौनी हरकत को अंजाम दिया. पीड़ित महिला ने बताया कि जब वह शख्स वॉशरुम से बाहर निकला, तो उसने महिला के सामने अपने निजी अंगों को उजागर कर दिया. महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, “उसकी इस हरकत से मैं पूरी तरह स्तब्ध, अपमानित और अपने ही घर में असुरक्षित महसूस करने लगी. जब एक महिला ने साफ तौर पर ‘ना’ कह दिया था, तो बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी. किसी को भी किसी महिला की सीमाओं को नजरअंदाज करने या जबरन उसके घर में घुसने का कोई अधिकार नहीं है.”

डर के मारे खोल दिया मुख्य दरवाजा, पुलिस ने लिया संज्ञान

इस अचानक हुए हमले और बदसलूकी से महिला बेहद डर गई थीं और अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित थीं. महिला ने बताया, “मैं बुरी तरह डर गई थी. अपनी सुरक्षा के डर से मैंने तुरंत अपने फोन का कैमरा ऑन कर लिया, अपने फ्लैट का मुख्य दरवाजा पूरा खोल दिया और खुद प्रवेश द्वार के पास जाकर खड़ी हो गई. मुझे डर था कि अगर अंदर कुछ भी गलत हुआ, तो मैं मदद के लिए तुरंत बाहर की तरफ भाग सकूं. हम आए दिन महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के बारे में सुनते हैं, इसलिए मैं कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थी.”

बेंगलुरु पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

महिला की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत इसका संज्ञान लिया है. पुलिस ने आधिकारिक तौर पर महिला से संपर्क कर घटना से जुड़ी पूरी जानकारी और डिलीवरी बॉय के विवरण साझा करने को कहा है ताकि आरोपों की सत्यता की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की गहन तफ्तीश के लिए जरूरी इनपुट जुटा रहे हैं.