मध्य प्रदेश के डिंडौरी में दिल दहला देने वाली घटना हुई है. एक युवक को उसके परिचित ने कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम दे दिया. युवक ने भी बिना कुछ सोचे उसे मुंह में रख लिया. लेकिन जैसे ही उसने दांत लगाया, जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट में उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.

मामला डिंडौरी जिले के ग्राम पड़रिया छांटा का है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है. कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, मंगलवार शाम राजेंद्र ने परिवार के साथ खाना खाया था. इसके बाद वह घर के आंगन में आग ताप रहा था. शाम करीब सात बजे से शुरू हुआ उसका सामान्य घरेलू समय रात आठ बजे एक खौफनाक घटना में बदल गया.
इसी दौरान गांव का रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा. दोनों के बीच बातचीत होने लगी. आरोप है कि इसी दौरान रामभगत ने राजेंद्र को सुअरमार बम दिया और उसे रसगुल्ला बताया. राजेंद्र को इसकी असलियत का अंदाजा नहीं हुआ और उसने उसे मिठाई समझकर स्वीकार कर लिया.
मुंह में हो गया जोरदार विस्फोट
राजेंद्र ने जैसे ही उस चीज को मुंह में रखकर दांत से दबाया, तेज धमाका हुआ. विस्फोट सीधे उसके मुंह में हुआ, जिससे जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. अचानक हुए धमाके से घर और आसपास के लोग घबरा गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिजनों ने जब राजेंद्र को घायल हालत में देखा तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की.
गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक थी. तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना ने पूरे गांव को सकते में डाल दिया.
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. कोतवाली पुलिस ने रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है.
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुअरमार बम आरोपी के पास कहां से आया था और उसने राजेंद्र को इसे रसगुल्ला बताकर क्यों दिया. साथ ही घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए भी जांच की जा रही है.



