हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर में चल रहे जश्न के दौरान कोल्ड ड्रिंक पीना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। दरअसल, कोल्ड ड्रिंक पीते समय बोतल के कांच का एक छोटा सा टुकड़ा उसके गले में जा फंसा। देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी।

जश्न के दौरान गले में फंसा कांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है। यहां बीते कल गुरुवार घर में चल रहे जश्न के दौरान कोल्ड ड्रिंक पीना एक व्यक्ति के लिए मुसीबत बन गया। कोल्ड ड्रिंक पीते समय बोतल का कांच का छोटा सा टुकड़ा उसके गले में फंस गया।
इसके बाद व्यक्ति की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में डॉक्टरों की टीम ने करीब 30 मिनट तक मशक्कत कर एंडोस्कोपी की मदद से कांच का टुकड़ा बाहर निकाला और मरीज की जान बचा ली।
एक्स-रे में भी नहीं दिखा कांच का टुकड़ा
गुरुवार देर रात परिजन मरीज को लेकर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचे थे। यहां इमरजेंसी विभाग के डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। मरीज का एक्स-रे और दूसरी जरूरी जांचें भी करवाई गईं, लेकिन शुरुआती जांच में गले में फंसे कांच के टुकड़े का पता नहीं चल पाया। इसके बाद गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की विशेषज्ञ डॉ. पूर्णिमा पटियाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एंडोस्कोपी करने का फैसला लिया।
30 मिनट तक चली प्रक्रिया, बाहर निकाला कांच
एंडोस्कोपी के दौरान डॉक्टरों को मरीज के गले में कोल्ड ड्रिंक की बोतल का कांच का टुकड़ा फंसा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद डॉ. पूर्णिमा पटियाल ने अपनी टीम के साथ मिलकर उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने कांच का टुकड़ा सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। इसके बाद मरीज को राहत मिली।
समय पर इलाज नहीं मिलता तो जा सकती थी जान
डॉ. पूर्णिमा पटियाल ने बताया कि अगर समय रहते गले में फंसे कांच के टुकड़े को बाहर नहीं निकाला जाता, तो यह मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों में सही समय पर जांच और इलाज मिलना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों की टीम ने बिना देरी किए मरीज का उपचार किया।
मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने टाला बड़ा खतरा
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि सरकाघाट क्षेत्र से एक मरीज को देर शाम अस्पताल लाया गया था। उसके गले में कोल्ड ड्रिंक की बोतल का कांच फंसा हुआ था। गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. पूर्णिमा पटियाल और उनकी टीम ने एंडोस्कोपी की मदद से करीब आधे घंटे में कांच का टुकड़ा बाहर निकाल दिया। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से मरीज की जान बच गई। मेडिकल कॉलेज की टीम ने देर रात आपात स्थिति में इस पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।



