इटली की मशहूर सुपरबाइक कंपनी Ducati ने भारत में अपनी दमदार बाइक Diavel V4 Black Roadster को लॉन्च कर दिया है. खास बात ये है कि भारतीय बाजार में इस बाइक की एक्सशोरूम कीमत ₹29.98 लाख है. करीब 30 लाख एक्सशोरूम वाली बाइक की कीमत में दो हुंडई क्रेटा खरीद सकते हैं. इतना ही नहीं यह बाइक महिंद्रा स्कॉर्पियो जितनी पावरफुल भी है.

इस बाइक में 1,158cc का V4 इंजन लगाया गया है. यह इंजन 168 bhp की पावर और 126 Nm का मैक्सिमम टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन शानदार परफॉर्मेंस देने के लिए जाना जाता है. ध्यान देने वाली बात ये है कि Mahindra Scorpio Classic के पेट्रोल मॉडल का आउटपुट करीब 130 bhp होता है.

274 किमी/घंटा है टॉप स्पीड

स्पीड की बात करें तो Ducati Diavel V4 Black Roadster की टॉप स्पीड लगभग 274 किमी/घंटा है. वहीं यह सुपरबाइक सिर्फ 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. यही वजह है कि यह भारत की सबसे तेज और प्रीमियम सुपरबाइक्स में शामिल है. यह मॉडल भारत में पहले से बिक रहे Ducati Diavel V4 के मुकाबले करीब ₹32,000 महंगा है. स्टैंडर्ड Diavel V4 की कीमत ₹29.66 लाख है.

शुरू हुई बाइक की बुकिंग

कंपनी ने इस नए एडिशन की बुकिंग शुरू कर दी है. अगर कोई ग्राहक इस बाइक को खरीदना चाहता है, तो वह अभी से इसकी बुकिंग करा सकता है. कंपनी का कहना है कि ग्राहकों को इसकी डिलीवरी जल्द शुरू कर दी जाएगी. नई ब्लैक रोडस्टर में सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन और कलर में किया गया है. कंपनी ने इसके लिए खास Black Roadster पेंट स्कीम तैयार की है, जिसे Ducati Centro Stile ने डिजाइन किया है. बाइक का मुख्य कलर ब्लैक रखा गया है, जबकि इसे और आकर्षक बनाने के लिए रेसिंग येलो रंग का इस्तेमाल किया गया है.

डिजाइन और परफॉर्मेंस

बाइक के डिजाइन में बदलाव किया गया है, लेकिन इसके इंजन और परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई Black Roadster एडिशन में वही इंजन मिलता है जो स्टैंडर्ड मॉडल में दिया जाता है. इसके अलावा Ducati ने हाल ही में World Ducati Week 2026 के दौरान अपनी नई Desmo450 SM प्रोटोटाइप बाइक से भी पर्दा उठाया है. यह Ducati की पहली प्रोडक्शन सुपरमोटो बाइक होगी, जिसे साल 2027 में दुनिया के कई देशों में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है.