झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ जीजासाले को गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से ‘Made in USA’ लिखा हुआ एक पिस्टल, गोलियां और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है. पुलिस का दावा है कि दोनों इलाके के बड़े कारोबारियों और व्यापारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे. हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया.

मामला चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र का है. चतरा के एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ सक्रिय हैं. वे बड़े कारोबारियों और व्यापारियों को निशाना बनाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं.

सूचना मिलते ही कुंदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया. इसी दौरान पिंजनी के पड़रियाबर टोला स्थित तीनमुहान के पास पुलिस टीम की नजर मोटरसाइकिल सवार एक युवक पर पड़ी. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा.

तलाशी में मिला ‘Made in USA’ लिखा पिस्टल

युवक की हरकत संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. उसकी पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुआ. उस पर ‘Made in USA’ लिखा हुआ था. इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से गोलियां भी बरामद कीं.

पुलिस ने दशरथ को हिरासत में लेकर हथियार के बारे में पूछताछ शुरू की. इस दौरान उसने बताया कि उसके साले विक्रम कुमार ने उसे यह हथियार उपलब्ध कराया था. विक्रम चतरा जिले के एकता गांव का रहने वाला है. इसके बाद पुलिस ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया.

जीजासाला मिलकर रच रहे थे बड़ी वारदात की साजिश

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ और जांच में पता चला कि दोनों जीजासाला मिलकर इलाके के बड़े कारोबारियों और व्यापारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे. उनका मकसद हथियार के दम पर क्षेत्र में दहशत फैलाना और कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलना था.

हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के कारण दोनों अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से हथियार, गोलियां, मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री जब्त की है.

एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ कुंदा थाना में एक मामला दर्ज है. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और इस साजिश में अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता लगा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.