पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट सोमवार को अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों, संभावित राजनीतिक गठबंधनों और राज्य की वर्तमान कानूनव्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने बीजेपी, शिरोमणि अकाली दल और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर तीखे हमले किए. साथ ही कांग्रेस पार्टी की चुनावी तैयारियों का ब्यौरा भी साझा किया.

BJPअकाली गठबंधन को बताया अवसरवादिता
BJP और अकाली दल के दोबारा साथ आने की चर्चाओं पर सचिन पायलट ने इसे अवसरवादिता करार दिया. उन्होंने कहा कि जब दोनों दलों का गठबंधन टूटा था, तब बीजेपी ने अकाली दल के खिलाफ कई गंभीर बातें कही थीं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पायलट ने सवाल उठाया कि क्या वे सभी कारण अब खत्म हो गए हैं, जिनकी वजह से यह गठबंधन टूटा था?
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चारपांच सालों तक दोनों दल अलगअलग रहे और तीन कृषि कानूनों, किसान आंदोलन में गई जानों तथा नशे के मुद्दे पर एकदूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते रहे. पायलट के अनुसार, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब दोनों दल पंजाब में अपनी खोई हुई जमीन तलाशने के लिए चुनाव से ठीक पहले मजबूरन एकदूसरे का दामन थाम रहे हैं.
‘AAP सरकार का पूरा इकबाल खत्म हो चुका है’
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि राज्य में सरकार का पूरा इकबाल खत्म हो चुका है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है. उन्होंने कहा कि पंजाब एक बेहद संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है, जहां एक जिम्मेदार और गंभीर सरकार की आवश्यकता है. पायलट ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों में गंभीर मुद्दों पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल चुटकुले सुनाने और हंसीमजाक करने में समय बिताया है.
उन्होंने यह भी कहा कि जब आम आदमी पार्टी के खुद के विधायकों और सांसदों का ही अपनी पार्टी से विश्वास उठ चुका है, तो आम जनता उन पर कैसे भरोसा करेगी. पायलट ने दावा किया कि राज्य में जनता को एक बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था केवल कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है.
BJP की ‘डबल इंजन’ सरकार के दावों पर तंज
सचिन पायलट नेबीजेपी द्वारा जनता से सुझाव मांगने के लिए जारी किए गए नंबर और ‘डबल इंजन’ सरकार के दावों पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि देश की जनता और हाल ही में राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों ने बीजेपी को अपना सुझाव दे दिया है. उन्होंने कहा कि अब बीजेपी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है कि उनके ‘डबल इंजन’ के दावे क्यों फेल हो रहे हैं.
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां पिछले 10 सालों से बीजेपी की सरकार है, लेकिन लोकसभा चुनाव में उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा. पायलट ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे, जल्द ही सीटों का बंटवारा तय होगा और वहां गठबंधन की सरकार बनेगी.
पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है पायलट
पार्टी की चुनावी तैयारियों और टिकट वितरण पर जानकारी देते हुए सचिन पायलट ने बताया कि प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक होने जा रही है और स्क्रीनिंग कमेटी का भी गठन हो चुका है. जल्द ही पार्टी मुख्यालय में बैठक कर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जाएगा. प्रत्येक सीट पर कई दावेदारों के होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, इसलिए दावेदारों की संख्या अधिक है.
हालांकि, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने यह भी स्पष्ट किया कि टिकट केवल मेरिट, जनता के फीडबैक और जीतने की क्षमता रखने वाले योग्य उम्मीदवार को ही दिया जाएगा, जिसके बाद पूरा कांग्रेस परिवार एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा.
रिपोर्ट ललित शर्मा, टीवी9, भारतवर्ष



