Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दहेज की मांग रखने वालों के खिलाफ लड़की पक्ष के अनोखे विरोध का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. आरोप है कि शादी के बदले दहेज में महंगी थार गाड़ी की मांग करना लड़के वालों को ऐसा भारी पड़ा कि लड़की के परिवार ने असली गाड़ी के बजाय उनके हाथ में खिलौने वाली थार थमा दी और रिश्ता भी रद्द कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे का रिश्ता सोलाना गांव में तय किया था. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह बेटे की चिट्ठी लेकर लड़की पक्ष के घर पहुंचे थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान लड़के पक्ष ने दहेज में थार गाड़ी की मांग रख दी, जिस पर लड़की वालों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया.

दिनभर बैठाने के बाद दी खिलौना कार

बताया गया कि लड़की पक्ष ने लड़के और उसके साथ आए लोगों को सुबह से रात तक घर पर बैठाए रखा और शामरात के वक्त असली थार के बजाय खिलौने वाली थार गाड़ी उनके हाथ में थमा दी. मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे वाकये का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरहतरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

“तुम्हें इंसान नहीं ब्रांड चाहिए”, सगाई वापसी में दी खिलौना थार

सामने आए वीडियो में कुर्सी पर बैठे कुछ लोगों के पास एक शख्स खिलौना गाड़ी लेकर पहुंचता दिख रहा है. वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि इसे थामों, तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी बल्कि ब्रांड की जरूरत थी, इसलिए हमने तुम्हें कार दी है और अब इसे चलाओ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वीडियो में यह भी कहा गया कि लड़के वालों ने जो कार मांगी थी, वह तो नहीं मिल पाई, लेकिन अब लड़के की शादी कैंसिल हो गई है और सगाई वापसी में उन्हें थार कार दे दी गई है. साथ ही यह टिप्पणी भी की गई कि जैसा काम किया है, वैसा ही मिलना चाहिए.