‘BJP को बस​​ हराना नहीं, हमेशा के लिए मिटाना है…’ अखिलेश यादव

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित जीआईसी मैदान में 15 नवंबर को समाजवादी पार्टी का विशाल दलित महासम्मेलन आयोजित किया गया है. इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे, जिनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि अंगद का पैर है, इस सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी. अखिलेश यादव ने कहा कि दलित समाज बीजेपी को दल देगा और बीजेपी का सफाया करने जा रहा है.

अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा को लेकर कहा कि बीजेपी के लोग PDA की परिभाषा बदलते हैं, लेकिन हमारे PDA में D का मतलब अब दमदार दलित हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज के खिलाफ साजिश और षड्यंत्र हो रहा है. बीजेपी सरकार के पिछले 10 साल के कार्यकाल में दलित समाज का उत्पीड़न हुआ है और देश में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं.

पहले 150, अब अंबेडकर जी की 200 मूर्तियां टूटी
सपा प्रमुख ने कहा कि अंबेडकर जी की प्रतिमाएं तोड़ी गईं. पहले 151 मूर्तियां तोड़ी गई थीं और अब 200 मूर्तियां तोड़ दी गई हैं, लेकिन किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई. मूर्ति तोड़ने वाले सबसे पहले संविधान बनाने वाले बाबा साहब के हाथ को तोड़ते हैं. संविधान है, तभी आपका हक बचेगा.

अखिलेश यादव ने बीजेपी के डबल इंजन सरकार के दावे पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की बात करने वाले लोगों को अभी काशी में डबल जीरो मिला है और डबल हार हुई है. इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बीजेपी के लोग देश के युवाओं को लाठी से डराना चाहते हैं.

ओवैसी पर भी साधा निशाना
वहीं अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब से बीजेपी हारी है, सियासत के सैलानी आने लगे हैं. जैसे-जैसे चुनाव करीब आया, सियासत के सैलानी आ गए. उन्होंने कहा कि इनका ओटीपी कहीं और से आ रहा है. पहले बीजेपी के लोग PDA की परिभाषा बताते थे, अब नए लोग भी इसकी परिभाषा बताने लगे हैं. कहते हैं कि P का मतलब पलट देंगे अखिलेश और A से आगरा भी पलट देंगे. इन सियासत के सैलानियों की डोर और चरखी कहीं और है, इसलिए लोगों को सावधान रहना चाहिए.

सीएम योगी को भी दिया जवाब
अखिलेश यादव ने UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि गंगाजल से घर धुलवाया गया. जिन लोगों को तिरस्कार और अपमान सहना पड़ा है, वही इसका दर्द समझ सकते हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग 80-20 की बात करते हैं, वे कभी योगी नहीं हो सकते. सच्चे योगी 100 फीसदी के होते हैं और आज मंच पर आए संतों ने बिल्कुल सही बात कही है. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो मूर्तियां तोड़ने वालों को सजा दिलाई जाएगी और ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिससे मूर्तियां न टूटें.

अयोध्या यात्रा को लेकर बोले सपा प्रमुख
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग 2024 में हारे हैं, वे 2027 में भी हारेंगे. बीजेपी को सिर्फ हराना नहीं है, बल्कि हमेशा-हमेशा के लिए मिटाना है. उन्होंने कहा कि अयोध्या से प्रभु श्रीराम ने उन्हें आशीर्वाद दिया था. अयोध्या में अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ जाने वाले हैं, जिसको लेकर काफी विरोध हो रहा है. अपनी इस यात्रा को लेकर भी अखिलेश यादव ने तंज कसा. उन्होंने निमंत्रण को लेकर भी कहा कि कभी कहते हैं कि आपके पास निमंत्रण भेज रहे हैं, आप आइए और जब जा रहे हैं तो कहते हैं कि क्यों आ रहे हैं.