Tilak Nagar Murder Case: राजधानी दिल्ली का वेस्ट जिले का तिलक नगर इलाका बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात से दहल उठा. ओल्ड महावीर नगर में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की उसके ही घर के भीतर घुसकर चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात का आरोप इमरान नाम के युवक पर लगा है, जो पेशे से जिम ट्रेनर है. वो मृतका को पिछले कुछ समय से जानता था. घटना के बाद से ही आरोपी इमरान मौके से फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.

पुलिस सूत्रों और शुरुआती जांच से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को मुस्कान के परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे और वह घर में बिल्कुल अकेली थी. इसी का फायदा उठाकर आरोपी इमरान उसके घर में दाखिल हुआ. दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते इमरान ने चाकू निकालकर मुस्कान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल होकर मुस्कान लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़ी और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकला.
‘वह साइको था, पीछा करता और शादी का दबाव बनाता था’
मृतका मुस्कान पढ़ाई के साथसाथ पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी. घटना के बाद मुस्कान के एक करीबी दोस्त ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोस्त के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे मुस्कान की बहन ने उसे फोन कर बताया कि मुस्कान को चाकू मार दिया गया है और हमलावर इमरान है. दोस्त ने बताया कि इमरान मुस्कान की जिम में ट्रेनर था और वह ‘साइको’ किस्म का शख्स था. मुस्कान उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन जब भी वह बात करने से मना करती तो इमरान उसका पीछा करता था और जबरन शादी करने के लिए दबाव बनाता था.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, CCTV खंगाल रही पुलिस
बुधवार देर शाम पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को वारदात की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ओल्ड महावीर नगर स्थित मकान पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मुस्कान को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शरीर पर चाकू के वार और मौत के सही कारणों की आधिकारिक जानकारी मिल सकेगी.
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी है. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपी इमरान की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. मुस्कान के घर और आसपास की गलियों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के आनेजाने और भागने के रास्ते का सटीक पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल वजहों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा.



