MP Electricity Meter Testing Report: मध्यप्रदेश में बिजली का बिल अचानक बढ़ने, मीटर की रीडिंग तेजी से चलने या मीटर बंद होने जैसी समस्याएं उपभोक्ताओं को परेशान करती हैं। ऐसी स्थिति में मीटर की जांच कराई जा सकती है। इसके लिए बिजली कंपनी में आवेदन देना होता है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद भी उपभोक्ता को शिकायत और दोबारा जांच का अधिकार मिलता है।

कब कराएं मीटर की जांच?
अगर बिजली का बिल अचानक बढ़ गया है, मीटर की रीडिंग सामान्य खपत से मेल नहीं खाती या मीटर बंद हो गया है तो जांच की मांग कर सकते हैं। मीटर की स्क्रीन खराब होने, सील टूटने या मीटर जलने पर भी बिजली कंपनी को सूचना दें।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
मीटर जांच के लिए संबंधित बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय में लिखित आवेदन दें। इसमें उपभोक्ता क्रमांक , मीटर नंबर, पता, मोबाइल नंबर और जांच का कारण लिखें। साथ में बिजली बिल और मीटर की मौजूदा रीडिंग लगाएं। आवेदन की रसीद या शिकायत नंबर जरूर लें।
जांच में कितना समय लगेगा?
मध्यप्रदेश विद्युत आपूर्ति संहिता 2021 के नियम 8.17 के अनुसार सामान्य मीटर जांच के आवेदन पर 15 दिनों के भीतर जांच होनी चाहिए। मीटर बंद, जला या खराब होने की शिकायत पर नियम 8.24 के तहत सात दिनों के भीतर जांच का प्रावधान है। बिल की खपत पर संदेह होने पर नियम 8.18 के अनुसार पांच दिनों में अतिरिक्त मीटर लगाने की व्यवस्था भी है।
जांच रिपोर्ट में क्या देखें?
मीटर की जांच के समय उपभोक्ता मौजूद रह सकता है। लैब में जांच होने पर कम से कम सात दिन पहले सूचना दी जानी चाहिए। जांच के बाद रिपोर्ट की एक प्रति मांगें। इसमें मीटर की स्थिति और जांच का परिणाम देखें। मीटर गलत मिलने पर बिल में अतिरिक्त वसूली या कम वसूली का समायोजन नियमानुसार किया जाता है।
शिकायत कहां करें?
जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर स्वीकृत थर्ड पार्टी टेस्टिंग एजेंसी से दोबारा जांच कराने का विकल्प है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शिकायत का समाधान नहीं होने पर बिजली कंपनी के उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद विद्युत लोकपाल के पास अपील की जा सकती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश के उपभोक्ताओं के लिए शिकायत और बिजली सेवाओं की जानकारी हेतु मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग की वेबसाइट देख सकते हैं। हालांकि बिजली बिल और मीटर संबंधी शिकायत के लिए संबंधित क्षेत्र की बिजली वितरण कंपनी की वेबसाइट ही इस्तेमाल करनी होगी।