Featured Image

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले से घरेलू विवाद के बाद महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनगढ़िया गांव में हुई इस घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान शनिचरिया देवी के रूप में हुई है. महिला के परिजनों ने उसके पति अर्जुन राय पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गन्दरकपुर गांव निवासी अर्जुन राय की शादी करीब दो वर्ष पहले चंदनगढ़िया गांव की शनिचरिया देवी के साथ हुई थी. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी के कुछ महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया था. महिला के साथ कथित मारपीट से परेशान होकर शनिचरिया देवी कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी.

पेट्रोल डाल पत्नी को लगाई आग

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अर्जुन राय अपने ससुराल पहुंचा. वहां पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान अर्जुन ने घर में रखी पेट्रोल की बोतल उठाई और अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी महिला के पिता और भाई को दी गई. परिजन गंभीर रूप से झुलसी शनिचरिया देवी को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसी महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

आरोपी पति फरार

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों ने घटना को लेकर शिकारीपाड़ा थाने में आरोपी पति अर्जुन राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. घटना के पीछे घरेलू विवाद को वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.

फिलहाल आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी जुटा रही है. महिला की मौत के बाद गांव में भी घटना को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।