आजकल वेट लॉस से जुड़ी नईनई दवाओं और इलाज के तरीकों की काफी चर्चा हो रही है. इन्हीं में से एक नाम GLP1 ड्रग्स का भी है, जिसके बारे में लोग जानना चाहते हैं. कई लोगों के मन में सवाल है कि आखिर यह दवा क्या होती है, शरीर में कैसे काम करती है और वजन घटाने में इसकी भूमिका क्या है. हालांकि, किसी भी दवा के बारे में पूरी जानकारी के बिना उसका इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता.

GLP1 हमारे शरीर में बनने वाले एक प्राकृतिक से जुड़ा होता है, जो खाना खाने के बाद एक्टिव होता है. इसी हॉर्मोन की तरह काम करने वाली दवाओं को GLP1 ड्रग्स कहा जाता है. ये दवाएं शरीर की कुछ प्रक्रियाओं को प्रभावित करती हैं, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और भूख कम लग सकती है. यही वजह है कि इन दिनों वेट लॉस को लेकर इनकी चर्चा बढ़ गई है. आइए जानते हैं कि GLP1 ड्रग्स कैसे काम करती हैं, इसके फायदेनुकसान क्या हो सकते हैं और इनसे जुड़ी जरूरी बातें क्या हैं.

GLP1 ड्रग वेट लॉस में कैसे करती है काम?

देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में एंडोक्रिनोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. प्रिया बताती हैं कि GLP1 ड्रग्स ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करती हैं. साथ ही, ये खाने को पेट से धीरेधीरे आगे बढ़ने देती हैं, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है. इसके कारण भूख कम लग सकती है और बारबार कुछ खाने की इच्छा भी कम हो जाती है.

जब व्यक्ति कम मात्रा में खाना खाता है, तो शरीर में कैलोरी की मात्रा भी कम जाती है, जिससे वजन घटाने में मदद मिल सकती है. हालांकि, इन दवाओं का असर हर व्यक्ति में अलगअलग हो सकता है. इसलिए इन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं लेना चाहिए और हमेशा मेडिकल निगरानी में ही इनका इस्तेमाल करना चाहिए.

GLP1 ड्रग्स के क्या हैं फायदे?

डॉ. प्रिया के अनुसार, GLP1 ड्रग्स का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करती हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साथ ही, ये भूख कम करने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद कर सकती हैं. इससे कुछ लोगों में जरूरत से ज्यादा खाने की आदत कम हो सकती है और वजन घटाने में सहायता मिल सकती है.

सही मरीजों में डॉक्टर की सलाह पर इनका इस्तेमाल करने से स्वास्थ्य को भी फायदा मिल सकता है. हालांकि, इन दवाओं का मकसद केवल वजन कम करना नहीं है. इन्हें हमेशा डॉक्टर की सलाह, संतुलित खानपान और नियमित एक्सरसाइज के साथ ही लेना चाहिए.

GLP1 ड्रग्स के क्या हो सकते हैं साइड इफेक्ट्स?

GLP1 ड्रग्स लेने की शुरुआत में कुछ लोगों को जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, कब्ज या पेट भारी लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कई लोगों में ये लक्षण कुछ समय बाद अपने आप कम भी हो जाते हैं. हालांकि, कुछ मामलों में पैंक्रियाज में सूजन, गॉलब्लैडर की समस्या, शरीर में पानी की कमी के कारण किडनी पर असर या डायबिटीज़ से जुड़ी आंखों की बीमारी बढ़ने जैसी गंभीर दिक्कतें भी हो सकती हैं.

अगर दवा लेने के दौरान तेज पेट दर्द, लगातार उल्टी या कोई असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

क्या सिर्फ GLP1 ड्रग लेने से घट जाएगा वजन?

डॉ. प्रिया ने बताया कि सिर्फ GLP1 ड्रग लेने से वजन कम होने की गारंटी नहीं होती. अच्छे नतीजे पाने के लिए संतुलित खानपान, नियमित एक्सरसाइज और स्वस्थ लाइफस्टाइल अपनाना भी जरूरी है. अगर दवा लेने के साथ इन बातों का ध्यान नहीं रखा जाए, तो मनचाहा फायदा नहीं मिल सकता.

कुछ लोगों में दवा बंद करने के बाद वजन दोबारा बढ़ भी सकता है. इसलिए वजन घटाने के लिए केवल दवा पर निर्भर रहने के बजाय अच्छी लाइफस्टाइल अपनाना भी बेहद जरूरी है.

सबसे पहले टाइप 2 डायबिटीज़ के इलाज में इस्तेमाल हुई थीं GLP1 ड्रग्स

डॉ. प्रिया बताती हैं कि GLP1 ड्रग्स को सबसे पहले टाइप 2 डायबिटीज़ के इलाज के लिए बनाया गया था. इनका मुख्य उद्देश्य ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करना था. बाद में डॉक्टरों ने देखा कि इन दवाओं का इस्तेमाल करने वाले कुछ लोगों का वजन भी कम होने लगा.

इसके बाद जरूरत के अनुसार कुछ मरीजों में इन्हें वेट मैनेजमेंट के लिए भी इस्तेमाल किया जाने लगा. हालांकि, यह फैसला हमेशा डॉक्टर मरीज की स्वास्थ्य स्थिति को देखकर ही लेते हैं.

GLP1 ड्रग्स लेते समय किन बातों का रखें ध्यान?

डॉ. प्रिया की सलाह है कि GLP1 ड्रग्स को वजन घटाने का आसान तरीका या शॉर्टकट नहीं समझना चाहिए. ये डॉक्टर की सलाह पर दी जाने वाली प्रिस्क्रिप्शन दवाएं हैं. इन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के कभी भी शुरू नहीं करना चाहिए. दवा लेने के दौरान संतुलित खानपान, नियमित एक्सरसाइज और डॉक्टर की बताई हर बात का पालन करना जरूरी है.

अगर दवा लेने के बाद कोई गंभीर परेशानी या असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. इससे इलाज सुरक्षित और प्रभावी बना रहता है.