सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद दुखद मामला सामने आया हैए जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दखड़ू माजरा में आठ वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक बच्ची के पिता ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं, जिन्हंे सुन कर लोगों की रूह कांप गई। पिता के अनुसार उसकी पत्नी ने बच्ची को सुबह से खाना नहीं दिया था, और बच्ची बार बार खाना मांग रही थी, जिससे उसकी मां उस पर गुस्सा हो गई थी।

बच्ची के पिता ने पत्नी पर लगाए हत्या के आरोप
बच्ची के पिता ने अपनी पत्नी पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बच्ची की मौत दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पिता से मंगवाए बिस्कुट, कुछ देर बाद मिली बेहोश
इस मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार बच्ची ने घटना से पहले अपने पिता रोशन लाल को बताया था कि उसकी मां उसे पीट रही है। पिता के बयान के मुताबिक बच्ची को खाना
भी नहीं दिया गया था। बच्ची ने अपने पिता से बिस्कुट लाने के लिए कहा। बेटी की बात सुनकर रोशन लाल पास की दुकान पर बिस्कुट लेने चला गया। उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में परिवार पर इतना बड़ा दुख टूटने वाला है।
घर लौटते ही फर्श पर बेहोश मिली बच्ची
पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, रोशन लाल जब दुकान पर गया हुआ था, उसी दौरान सब्जी बेचने वाले एक युवक ने उसे आवाज देकर बताया कि उसकी पत्नी बच्ची को पीट रही है। सूचना मिलते ही पिता तुरंत कमरे की ओर दौड़ा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहां पहुंचने पर उसने अपनी आठ वर्षीय बेटी को फर्श पर बेहोश पड़ा देखा। बच्ची की हालत देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, बच्ची के साथ घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप, मां गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के पिता ने अपनी पत्नी पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। इसी बयान के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिता की ओर से लगाए गए आरोपों को जांच के निष्कर्ष आने तक आरोप के रूप में ही देखा जा रहा है।
दूध और खाने को लेकर भी सामने आई बात
पिता के बयान के अनुसार, बच्ची ने उससे शिकायत की थी कि उसे दूध नहीं दिया गया, जबकि उसकी छोटी बहन को दूध पिलाया जा रहा था। उसने यह भी बताया था कि उसकी मां उसे बिना किसी कारण पीट रही है। इन बातों को पुलिस जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार किन परिस्थितियों में हुआ और उसकी मौत कैसे हुई, यह जांच के महत्वपूर्ण बिंदु हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जुन्गा से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच के दौरान बच्ची के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई गई है। बच्ची के शव को बद्दी अस्पताल भेजा गया था और पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर में प्रक्रिया किए जाने की जानकारी दी गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
इस दर्दनाक मामले में सबसे अहम सवाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारण को लेकर है। फिलहाल दम घुटने की आशंका शुरुआती जांच पर आधारित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं और बच्ची की मौत के लिए कौन-से कारक जिम्मेदार रहे।
बरेली का रहने वाला है परिवार
पुलिस के अनुसार, रोशन लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नंदगांव का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ बद्दी के दखड़ू माजरा में किराये के मकान में रहता है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर भी चिंता पैदा की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों तथा अन्य तथ्यों के आधार पर की जाएगी।



