PM Kisan Scheme 24th Installment: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से पीएमकिसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे. इसके तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,690 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे. एक सरकारी बयान के अनुसार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के रायसेन से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष के तहत स्थापित 521 यूनिट्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इनका उद्देश्य कृषि भंडारण, प्रोसेसिंग और संबंधित बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है. वह उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 12 बागवानी संकुल का उद्घाटन भी करेंगे.

एग्री इंफ्रा फंढ के तहत मोटा निवेश
फरवरी 2019 में शुरू की गई पीएमकिसान योजना के तहत अब तक 23 किस्तों में पात्र किसानों को 4.47 लाख करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपए तीन किस्तों में दिए जाते हैं. यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाती है. बयान के अनुसार, एग्री इंफ्रा फंढ के तहत 2.28 लाख से अधिक परियोजनाओं में करीब 1.75 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया गया है. इस फंड से गोदामों, शीत भंडारण सुविधाओं, प्राइमरी प्रोसेसिंग सेंटर्स और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास में मदद मिलती है. सरकार का कहना है कि इससे फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने, बाजार तक किसानों की पहुंच बढ़ाने और उन्हें बेहतर लाभ दिलाने में मदद मिलेगी.
शुरू की हुई हैं कई योजनाएं
कृषि मंत्रालय ने बागवानी की ओर फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया. मंत्रालय के अनुसार, बागवानी संकुल विकसित करने से वैल्यू चेन मजबूत होगी और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन एवं विपणन को प्रोत्साहन मिलेगा. मंत्रालय ने पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र के लिए शुरू की गई प्रमुख कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, न्यूनतम समर्थन मूल्य और प्रति बूंद अधिक फसल का जिक्र किया. इसके अलावा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन, दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन का भी उल्लेख किया गया. प्राकृतिक खेती मिशन के तहत टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए संकुल विकसित किए जा रहे हैं. इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है.



