Jaipur News: राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित पूर्णिमा विश्वविद्यालय में शनिवार को एक अत्यंत दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. एमबीए द्वितीय वर्ष की होनहार छात्रा यशस्वी रोहिल्ला ने यूनिवर्सिटी बिल्डिंग की 7वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. गंभीर हालत में छात्रा को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परीक्षा से ठीक पहले आए एक रहस्यमयी फोन कॉल के बाद उठाए गए इस खौफनाक कदम से परिजनों में कोहराम मच गया है और यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप व्याप्त है.

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान गुर्जर की थड़ी निवासी यशस्वी रोहिल्ला के रूप में हुई है, जो पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी. पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के डीएसडब्ल्यू डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि यशस्वी पढ़ाई में बेहद प्रतिभाशाली थी और हाल ही में उसका कैंपस प्लेसमेंट भी हो गया था. शनिवार को उसकी परीक्षा थी. लेकिन परीक्षा हॉल में जाने से ठीक पहले उसे किसी का फोन कॉल आया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फोन पर बात करने के तुरंत बाद वह 7वीं मंजिल पर पहुंची और नीचे छलांग लगा दी.

यूनिवर्सिटी प्रशासन की बड़ी लापरवाही पर उठे सवाल

7वीं मंजिल जैसी संवेदनशील जगह और छत का दरवाजा खुला कैसे रह गया? इसका जवाब प्रबंधन के पास नहीं है. इतनी ऊंची इमारत की छत या ऊपरी मंजिलों पर किसी भी सुरक्षा गार्ड की तैनाती क्यों नहीं थी? छत की बाउंड्री वॉल/दीवार महज 4 फुट की थी, जिस पर चढ़कर कोई भी आसानी से नीचे कूद सकता है. सुरक्षा मानकों की इस अनदेखी पर यूनिवर्सिटी प्रशासन मौन साधे हुए है.

पुलिस ने बैग और मोबाइल लिया कब्जे में, कॉल डिटेल से खुलेगा राज

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रा का बैग और मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया है. शिवदासपुरा थाना पुलिस उस आखिरी फोन कॉल का डेटा और चैट बैकअप खंगाल रही है, जिसके बाद यशस्वी ने यह कदम उठाया. आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस परिजनों, सहपाठियों और शिक्षकों से पूछताछ कर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.