Featured Image

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में खेत से एक अज्ञात लड़की का नग्न शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित मूसेपुर गांव का है. दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बीच तड़के खेत में लाश मिलने की खबर आग की तरह फैली, जिसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या या आत्महत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सूचना पर पहुंची कल्याणपुर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक, मूसेपुर गांव के पास खेत में जब ग्रामीणों ने नग्न अवस्था में लड़की का शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया. शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर जख्म के कई निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ था.

एसपी के निर्देश पर FSL और DIU की टीमें जांच में जुटीं

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर फॉरेंसिक (FSL) और जिला गुप्तवार्ता इकाई (DIU) की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं. कल्याणपुर थाना पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हाल के दिनों में लापता हुई लड़कियों के डेटा खंगाल रही है.

पहचान के लिए 72 घंटे पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया शव

समस्तीपुर के सदर DSP-2 संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शव को पहचान हेतु अगले 72 घंटे के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस (मर्च्युरी) में सुरक्षित रखा गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने, शव की शिनाख्त होने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला हत्या, दुष्कर्म के बाद हत्या या आत्महत्या का है.