Muzaffarpur news: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रजवाड़ा डीह गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुरुवार को कमरे से उसका शव बरामद किया गया. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए. वहीं, न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही शव का दाह संस्कार कर दिया. मायकेवालों ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मृतका गुंजा कुमारी कांटी निवासी रंजीत पासवान की पुत्री थी. उसकी शादी इसी साल 23 जनवरी को कुंदन कुमार के साथ हुई थी. बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मृतका की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि वे धनतेरस के अवसर पर दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी बेटी की मौत हो गई.

गुपचुप तरीके से शव जलाने की थी आशंका

परिजनों के अनुसार, उन्हें घटना की जानकारी स्थानीय वार्ड सदस्य के माध्यम से रात करीब 12 बजे मिली. सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रजवाड़ा डीह पहुंचे. उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शव को गुपचुप तरीके से जलाने की तैयारी में थे. मायके वालों के पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद मायके वाले फिर शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे और उनके दरवाजे पर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का केस

घटना की सूचना पर मुशहरी थाना के अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता के अनुसार, मृतका के पिता रंजीत पासवान के लिखित आवेदन पर पति कुंदन कुमार, चंदन पासवान, प्रियंका और सुलेखा के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल की विशेष टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस के अनुसार, नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस दहेज प्रताड़ना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.