महाराष्ट्र के नागपुर में नौ साल की बच्ची को घर ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 35 साल के युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नारायणदास मनमोहनदास वैष्णव के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला था.

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच नागपुर के परडी थाना क्षेत्र में हुई. बच्ची अपने घर के आसपास खेल रही थी. इसी दौरान नारायणदास वैष्णव कथित तौर पर उसे पास स्थित अपने घर ले गया.
परिवार के अनुसार, घर के अंदर आरोपी ने बच्ची को गलत तरीके से छुआ और उसका यौन उत्पीड़न किया. घटना के बाद बच्ची ने अपने परिवार को पूरी बात बताई. जानकारी सामने आने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया.
बड़ी संख्या में लोग जुटे, आरोपी की पिटाई
बच्ची के परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग आरोपी के घर के आसपास एकत्र हो गए. पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने नारायणदास वैष्णव के साथ मारपीट शुरू कर दी.
मारपीट में वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. उसे नागपुर के मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
आरोपी पर पहले ही दर्ज हो चुका था मामला
पुलिस के मुताबिक, वैष्णव की अस्पताल में मौत होने से पहले ही उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका था. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथसाथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी POCSO Act के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी.
पुलिस अब आरोपी की मौत और उसके साथ हुई मारपीट की घटना को भी जांच के दायरे में ले रही है. घटना के दौरान मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस बच्ची के परिवार से जानकारी लेने के साथ घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को अपने घर तक कैसे ले गया और उसके बाद वहां क्या हुआ. पुलिस भीड़ द्वारा की गई मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर सकती है.



