परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है. इस बीच विपक्ष डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार को मनाने में जुट गया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित इंडिया गठबंधन के नेता चेन्नई के लिए रवाना हो गए है, जहां स्टालिन से परिसीमन को लेकर बातचीत की जाएगी. इसके बाद खरगे मुबंई के लिए रवाना होंगे, जहां रात 8 बजे शरद पवार से बातचीत होगी. कांग्रेस की कोशिश है दोनों नेताओं को मनाने की है ताकि एनडीए को बैकफुट पर लाया जा सके.

वहीं, चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात के लिए दोपहर 2 बजे का समय तय किया गया है. खरगे और सोनिया के साथ राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मीसा भारती और राजीव राय भी मौजूद हैं.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परिसीमन विधेयक के समर्थन के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे. परिसीमन के कदम पर NCP अब सरकार का समर्थन कर रही है. ममता और कांग्रेस के तीनों सीएम भी उनके साथ जाएंगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। खरगे चेन्नई के लिए दिल्ली से निकल भी चुके हैं. एमके स्टालिन इस बिल पर अपना पक्ष साफ करते हुए कहा है कि सरकार की तरफ से उनकी मांगें मानी गई हैं, इसलिए वो इस बिल का समर्थन करेंगे.

भाई स्टालिन हमेशा तमिलविरोधियों के खिलाफ डटे रहे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं. हम उनसे और DMK से अनुरोध करेंगे कि वे परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करें. सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा. इससे BJPRSS को भारत के पूरे चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी. भाई स्टालिन हमेशा तमिलविरोधी ताकतों के खिलाफ एक चट्टान की तरह डटे रहे हैं. राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा.

DMK और NCPSP ने परिसीमन बिल के समर्थन के दिए संकेत

DMK और NCPSP ने परिसीमन के संशोधित प्रस्तावों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं. DMK, जिसके लोकसभा में 22 सांसद हैं, ने राज्यों में संसद की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है. हालांकि, पार्टी ने यह भी साफ किया है कि तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी प्रतिनिधित्व हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए.

INDIA गठबंधन का हिस्सा NCPSP, जिसके लोकसभा में 8 सांसद हैं, ने भी संशोधित प्रस्तावों के समर्थन के संकेत दिए हैं. पार्टी शनिवार को हुई INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुई थी. संविधान संशोधन के लिए जरूरी दोतिहाई बहुमत जुटाने की केंद्र सरकार की कोशिशों को DMK, YSRCP और NCPSP के समर्थन के संकेतों से मजबूती मिली है. इससे लोकसभा में NDA का अनुमानित आंकड़ा करीब 354 सांसदों तक पहुंच गया है.

हालांकि, यह आंकड़ा अभी भी दोतिहाई बहुमत के लिए जरूरी 360 वोटों से कम है, अगर मतदान में सभी 540 मौजूदा सदस्य हिस्सा लेते हैं. विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन किया है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई है. विपक्ष की मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया जनगणना के नवीनतम आंकड़ों के आधार पर हो.

लोकसभा की सीटें हो जाएंगी 850?

प्रस्तावित विधायी पैकेज में संविधान विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं. इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने की बात है. इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं.

संशोधित प्रस्तावों में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रावधान भी है. इसके साथ ही राज्यों की विधानसभा सीटों की संख्या भी इसी अनुपात में बढ़ाई जाएगी. इस पूरे पैकेज का मकसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का रास्ता आसान बनाना है. इस कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है.