
Owaisi vs SP-Congress: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महानों का वक्त बचा है। इससे पहले सभी पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी उत्तर प्रदेश में एक्टिव हो गए हैं। इसको लेकर रविवार को उन्होंने कानपुर में एक जनसभा को संबोधित किया।
ओवैसी ने अपने भाषण के दौरान विपक्षी पार्टियां समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को साफ संदेश दे दिया। ओवैसी ने कहा कि अगर तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने से रोकनी है तो साथ आइए।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “हमारी पार्टी ने कहा है कि हम नहीं चाहते कि बीजेपी की सरकार तीसरी बार बने। हमने तमाम पार्टियों से कहा कि अगर बीजेपी की सरकार को बनने से रोकना चाहते हैं तो AIMIM से हाथ मिलाइए। आप और हम बाबा को फिर मुख्यमंत्री बनने से रोकेंगे।”
‘ये तूफान से पहले की खामोशी’
उन्होंने आगे कहा, “मैं ये फिर से कह रहा हूं कि अगर कोई पार्टी मेरी बात को कमजोरी समझ रही है तो मैं कहना चाहता हूं कि ये तूफान आने से पहले की खामोशी है। इसको कमजोरी मत समझना। हम आपके साथ हाथ मिलाने को तैयार हैं।”
‘बिहार में हमारा मजाक उड़ाया गया, लेकिन 5 सीटें मिलीं’
हैदराबाद से सांसद ने आगे कहा कि बिहार चुनाव में 6 सीटें मांगी थीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आपने मजाक उड़ाया और अलग-अलग बातें कहीं। सीमांचल की जनता ने दोबारा पार्टी के पांच विधायक चुने। तुम्हारे झूठ का जवाब सीमांचल की जनता ने वोट के हक का इस्तेमाल करके दिया। आपने अपने मुस्लिम सांसदों को उतार दिया, लेकिन सीमांचल की जनता ने कहा कि ओवैसी की पार्टी को वोट डालेंगे।
‘2 अक्टूबर तक इंतजार करूंगा’
ओवैसी ने जनसभा में यह भी कहा, “मैं दोबारा कह सकता हूं कि चुनाव के बाद रोना नहीं। मैं आज तैयार हूं, आपके सामने खड़ा होकर कह रहा हूं, अगर ये समझ सकते हैं तो समझें। हम 2 अक्टूबर तक इंतजार करेंगे। उसके बाद जिससे भी गठबंधन होगा, हम ऐलान करेंगे और उनके साथ चुनाव लड़ूंगा।”



