नाक से खून आने को एपिस्टेक्सिस पुकारा जाता है. ये प्रॉब्लम किसी भी उम्र के इंसान को हो सकती है लेकिन ज्यादा मामले बच्चों में देखे जाते हैं. खून को नाक से आते हुए देख ज्यादातर लोग पैनिक या परेशान होने लगते हैं. कुछ लोग सिर को ऊपर या पीछे की तरफ कर देते हैं. क्या ऐसा करना सही होता है? इस टॉपिक पर टीवी9 ने डॉ. मानसी निगम से बातचीत की.

एक्सपर्ट के मुताबिक ऐसा होने पर हमें बिल्कुल घबराना नहीं चाहिए. उनका कहना है कि ज्यादातर मामलों में ये कोई इमरजेंसी नहीं होती और इसे घर पर भी संभाला जा सकता है.
नकसीर पर अगर कंट्रोल न पाया जा रहा हो तो उस कंडीशन में डॉक्टर या हॉस्पिटल जाना चाहिए. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर ऐसा क्यों होता है? साथ ही इस सिचुएशन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं?
नकसीर क्या होता है?
नाक से अचानक खून आने लगने की कंडीशन हमारी नोज में मौजूद परत की छोटी रक्त वाहिकाओं से जुड़ी है. इनके फटने पर खून बहने लगता है और ये आम समस्या कभीकभी गंभीर भी हो जाती है. एक्सपर्ट बताते हैं कि इसका कारण चोट लगना, ड्राई एयर, एलर्जी या हाई ब्लड प्रेशर हो सकता है. बच्चे हो या बड़े… नाक से खून बहना नॉर्मली सेप्टम से स्टार्ट होता है. ये हमारे नाक के कक्षों को अलग करता है. नाक से खून बहने पर इसे रोकना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में सिर पीछे करने से खून गले से पेट में जा सकता है और खून की उल्टी भी आ सकती है.
नकसीर आने पर क्या नहीं करना चाहिए
सबसे पहले बैठ जाइए और थोड़ा आगे की तरफ झुकिए. बहुत लोग सिर पीछे कर लेते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है इससे खून रुक जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. इससे खून गले के पीछे चला जाता है, जिसकी वजह से खांसी आ सकती है, जी मिचला सकता है या ज्यादा खून निगलने पर उल्टी भी हो सकती है.
क्या करें
इस कंडीशन में अपने अंगूठे और उंगली से नाक के नरम हिस्से को, यानी हड्डी के ठीक नीचे वाले हिस्से को, अच्छी तरह दबाइए. इसे लगातार 10 से 15 मिनट तक दबाकर रखें. बीच बीच में छोड़कर ये मत देखिए कि खून रुका या नहीं. क्योंकि हर बार दबाव हटाने से जो खून का थक्का बन रहा होता है, वो टूट सकता है और फिर से ब्लीडिंग शुरू हो सकती है.
आप चाहें तो कपड़े में लपेटकर ठंडी सिकाई भी कर सकते हैं और उसे नाक या गालों पर रख सकते हैं. इससे थोड़ी मदद मिल सकती है. लेकिन सबसे जरूरी काम नाक को लगातार दबाकर रखना ही है.
जब खून रुक जाए, तब भी अगले कुछ घंटों तक नाक जोर से मत साफ कीजिए, नाक में उंगली मत डालिए, टिश्यू को नाक के अंदर गहराई तक मत भरिए और कोई भारी सामान भी मत उठाइए. उस छोटे से खून के थक्के को ठीक से जमने का समय दीजिए, ताकि ब्लीडिंग दोबारा शुरू न हो.


