Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में मोबाइल फोन में दूसरी महिला के साथ AI से बनाई गई तस्वीर मिलने के बाद पतिपत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला अस्पताल तक पहुंच गया. शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पत्नी अपने पति के कार्यस्थल पर पहुंच गई और अल्ट्रासाउंड रूम में ही उसके साथ मारपीट कर दी. घटना में पति अंकित दिवाकर के चेहरे, हाथ और शरीर पर चोटें आई हैं. मारपीट के बाद घायल पति जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंचा.

जानकारी के मुताबिक, अंकित दिवाकर एक निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड असिस्टेंट के पद पर काम करता है. अंकित का कहना है कि जांच के दौरान उसका मोबाइल अक्सर अस्पताल के स्टाफ के पास रहता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान उसके साथ काम करने वाली एक महिला की उसके साथ AI तकनीक से एडिट की गई तस्वीर किसी स्टाफकर्मी ने मोबाइल में बना दी थी. यह तस्वीर फोन में सेव थी. बाद में उसकी पत्नी ने मोबाइल में यह तस्वीर देख ली, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
समझाने के बावजूद नहीं मानी पत्नी
अंकित के मुताबिक, तस्वीर देखने के बाद पत्नी ने उससे सवालजवाब शुरू कर दिए. उसने पत्नी को बताया कि तस्वीर वास्तविक नहीं है, बल्कि AI की मदद से तैयार की गई है. उसका दावा है कि यह तस्वीर भी उसने खुद नहीं बनाई थी, बल्कि अस्पताल के किसी स्टाफकर्मी ने तैयार की थी. हालांकि, पत्नी को शक था कि उसका किसी दूसरी महिला से अफेयर चल रहा है. इसी बात को लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया.
पहले भी पुलिस तक पहुंचा था मामला
पीड़ित ने बताया कि उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. पिछले तीन दिनों से पत्नी और ससुराल के लोग उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे. दो दिन पहले भी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसने कोतवाली पुलिस में शिकायत दी थी. पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ. अंकित के अनुसार, पत्नी अब उससे तलाक लेने की बात कह रही थी.
अस्पताल पहुंचकर की मारपीट
अंकित का आरोप है कि शुक्रवार सुबह पत्नी अचानक उसके अस्पताल पहुंची और अल्ट्रासाउंड रूम में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने खुद को बचाने के लिए पत्नी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उसके चेहरे, हाथ और शरीर पर कई जगह चोटें आईं. इसके बाद वह इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा.
अंकित ने अपने साले पर राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है. उसका कहना है कि इसी वजह से उसे पुलिस से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है. फिलहाल मामले में पत्नी का पक्ष और पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. एक AI तस्वीर से शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और तलाक की नौबत तक पहुंच गया है.