Deeg Twin Brothers Murder: डीग जिले के बड़ेशरा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां करीब 13 साल के दो जुड़वा बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. सुबह जब घटना की जानकारी सामने आई तो इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआत में मामला बच्चों की हत्या का लग रहा था और परिजनों की ओर से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई.पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों को लेकर कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे शक की सुई बच्चों की मां की ओर घूम गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि दोनों बच्चों की हत्या घर के अंदर ही धारदार हथियार से की गई थी. हत्या के बाद दोनों शवों को घर से करीब 200 मीटर दूर ले जाकर छिपा दिया गया.
महिला ने बच्चों की हत्या होने का नाटक किया
इसके बाद सुबह महिला ने बच्चों की हत्या होने का नाटक किया और मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में कई सवाल सामने आए और सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित तौर पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने दोनों बच्चों की मां को मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया है. पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
आरोपी महिला आठ साल से मायके में रह रही थी
हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और अन्य साक्ष्यों को लेकर भी जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला पति की मौत के बाद से ही पिछले करीब 8 साल से अपने पीहर में ही रह रही थी. वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ होने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस की आगे की जांच में होगा.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है.



