बहराइच: उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में एक वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर तरफ खींच लिया. दरअसल यह वीडियो कोई मामूली नहीं था, इस वीडियो में लाइव मगरमच्छ एक बच्चे को खाते हुए दिखाई दे रहा था. इस वीडियो को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. जिस गांव का यह वीडियो है, उस गांव में मातम के साथ सन्नाटा पसर गया. जिस गांव ने अपना एक बच्चा, 12 वर्षीय सुनील को खो दिया, वह भी इस तरह से खोया जिसे कभी भुलाया न जा सके. दिल को झकझोर देने वाली सुनील की दर्दनाक मौत की पूरी कहानी.

यह कहानी है 12 साल के मासूम सुनील की, जिसके सिर से मांबाप का साया पहले ही उठ चुका था. अपने एक छोटे भाई और बहन के साथ सुनील अपने चाचा के घर रह रहा था और वहीं पर रहकर पढ़ाई और घर के कामकाज किया करता था. वह पढ़लिखकर अपने भाईबहन का सहारा बनना चाहता था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
घटना स्थल को देखकर ही कांप रहे लोग
लोकल 18 की टीम तुरंत ग्राउंड जीरो यानी घटनास्थल पर पहुंची, वहां का माहौल गम और खौफ से भरा हुआ था. नदी का वो किनारा, जहां यह हादसा हुआ, उसे देखकर ही लोगों की रूह कांप रही थी. रोते और सहमे हुए ग्रामीणों ने सिलसिलेवार ढंग से पूरी घटना समझाई. उन्होंने उंगली से इशारा करते हुए वो जगह भी दिखाई, जहां सुनील खड़ा था और मगरमच्छ ने उस पर हमला किया और गहरे पानी में चाचा और मगरमच्छ के बीच जिंदगी की आखिरी जंग हुई थी.
अगले दिन वन अधिकारी सुन्दरेशा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से नदी के करीब न जाने की सख्त अपील की. सुनील के क्षतविक्षत शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. लेकिन अब उन दो अनाथ मासूमों का क्या होगा, जिनका इकलौता सहारा, उनका सुनील भैया अब कभी स्कूल से लौटकर नहीं आएगा?
पूरी घटना, कैसे क्या हुआ?
सुनील की चचेरी बहन, सुनील के पड़ोसी और अन्य लोगों ने पूरी घटना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दोपहर के लगभग दो से ढाई बज रहे थे. अपने खेत में सुनील के चाचा धान की रोपाई कर रहे थे, जिसमें सुनील भी उनका हाथ बंटा रहा था. वह खेत नदी से महज चंद कदमों की दूरी पर पड़ता है, यहां तक कि अगर बरसात अधिक हो जाती है तो वह खेत भी जलमग्न हो जाता है.
दोपहर में पानी पीने के लिए सुनील के चाचा घर आए हुए थे और वापस लौटते समय उन्होंने देखा कि सुनील नदी के पास शौच के लिए गया हुआ है. इतने में ही एक आवाज आई और जैसे ही चाचा आगे बढ़े, उन्होंने देखा कि सुनील पानी में धीरेधीरे चीखपुकार मचाते हुए समाता जा रहा है. तुरंत चाचा दौड़े और पानी में कूद गए, लेकिन मगरमच्छ पानी के अंदर सुनील को जोरदार जकड़े हुए था.
10 से 15 मिनट तक चली जंग, जीत गया मगरमच्छ
चाचा ने तुरंत सुनील का हाथ पकड़ लिया. मगरमच्छ अपनी ओर सुनील को खींच रहा था और सुनील के चाचा अपनी ओर. इतने में चचेरी बहन भी आ गई और चचेरी बहन भी अपने पापा यानी सुनील के चाचा को खींचने लगी. यह जंग लगभग 10 से 15 मिनट तक चली, फिर मगरमच्छ ने पलटा खाया और सुनील को लेकर दूर चला गया. इसके बाद सुनील का कुछ अतापता नहीं चला.
थोड़ी देर बाद वह सुनील के शव को खाता हुआ दिखाई दिया, जिसकी लोगों ने वीडियो भी बनाई, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही है. घटना के कुछ देर के बाद लोग इकट्ठा हुए, नाव से जाल डाला गया तब सुनील का आधा शव मिला. इस घटना के बाद से लोग डरे हुए हैं और नदियों के किनारे पड़ने वाले खेतों में भी जाने से डर रहे हैं.



