
एक तरह जहां T20I में टीम इंडिया के बल्लेबाज लगातार सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं और रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ गेंदबाजों ने भी शर्मनाक रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. वेस्टइंडीज हो या न्यूजीलैंड, भारतीय गेंदबाज लगातार रन लुटा रहे हैं. ऐसे में अगर कभी भारत की पहली बैटिंग आ जाए तो क्या ये गेंदबाज लक्ष्य को डिफेंड कर पाएंगे. यह बड़ा सवाल है. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज में इसकी झलक दिख चुकी है.
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए. ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल ने 40 गेंदों में 115 रन की साझेदारी की, जबकि ब्रेसवेल ने भारत के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतकों की लिस्ट में जगह बनाई. भारत ने 2026 में अब तक 11 बार टी20 क्रिकेट में 200 से ज्यादा रन लुटाए हैं, जो किसी टीम का एक कैलेंडर वर्ष में सबसे खराब आंकड़ा है.
फिलिप्स ने 49 गेंदों में 10 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 107 रन बनाए. वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंद में 65 रन जड़ दिए, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.
NZ vs IND 4th T20I में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर
- फिलिप्स-ब्रेसवेल की तूफानी साझेदारी: ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल ने सिर्फ 40 गेंदों में 115 रन जोड़े. 16.82 रन प्रति ओवर की रफ्तार से बनी यह साझेदारी भारत के खिलाफ 100 या उससे ज्यादा रन की साझेदारियों में सबसे तेज है. फुल मेंबर टीमों के खिलाफ यह चौथी सबसे तेज 100+ साझेदारी भी है.
- भारत ने 11 बार लुटाए 200 से ज्यादा रन: भारतीय टीम 2026 में टी20 क्रिकेट में 11 बार 200 से ज्यादा रन दे चुकी है. किसी टीम का एक कैलेंडर वर्ष में यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इससे पहले पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने इसी साल 9-9 बार 200 से ज्यादा रन दिए थे.
- शिवम दुबे के रिकॉर्ड की बराबरी: भारत की ओर से एक टी20 इंटरनेशनल ओवर में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड शिवम दुबे के नाम है. उन्होंने 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 34 रन दिए थे. नीतीश रेड्डी ने 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में एक ओवर में 32 रन दिए और इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए.
- भारत के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतकों में ब्रेसवेल: भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक 16 गेंदों में मार्को यान्सन ने लगाया था. माइकल ब्रेसवेल ने 19 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर इस सूची में जगह बनाई. उनके साथ कैमरन ग्रीन, जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक भी 19 गेंदों में अर्धशतक लगा चुके हैं.
- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के पांच 200+ स्कोर: 2026 में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है. किसी एक टीम के खिलाफ एक कैलेंडर वर्ष में पांच 200+ स्कोर बनाने का यह संयुक्त रिकॉर्ड है. जापान ने 2024 में मंगोलिया के खिलाफ भी पांच बार ऐसा किया था.
- भारत के खिलाफ एक सीरीज में तीन 50+ स्कोर: ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में तीन या उससे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं. उनसे पहले निकोलस पूरन ने 2022 में भारत में और शाई होप ने 2026 में भारत में ऐसा किया था.
- न्यूजीलैंड के नाम छक्कों का रिकॉर्ड: भारत के खिलाफ इस पारी में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 20 छक्के जड़े, जो टी20 इंटरनेशनल की किसी एक पारी में न्यूजीलैंड की ओर से लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. ग्लेन फिलिप्स ने 10. माइकल ब्रेसवेल ने 6 और फिन एलन- डैरिल मिचेल ने 2-2 छक्के जड़े.
- भारत के खिलाफ एक टी-20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन: ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ एक टी-20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने शे होप के इसी साल बनाए गए 261 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
- भारत के खिलाफ सबसे बड़ा T20I टोटल: न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल बनाया है. उसने 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए. इससे पहले, यह रिकॉर्ड इंग्लैडं के नाम था. इसी साल साउथैम्पटन में खेले गए टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए थे.
- 11 से 20 ओवर में दूसरी बार खर्च किए 150 से ज्यादा रन: भारत ने 11 से 20 ओवर में 150 रन खर्च कर डाले. ऐसा दूसरी बार हुआ है. इससे पहले 2022 में गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 151 रन जड़े थे.
बल्लेबाजों की तूफानी पारी
एक तरह जहां गेंदबाज जमकर रन लुटा रहे हैं तो वहीं बल्लेबाज जमकर रन बना रहे हैं. पिछले मैच में अभिषेक शर्मा ने 38 गेंद में 113 रन ठोक दिए थे. इस दौरान पहले ओवर में 26, दूसरे में 17, तीसरे में 21, चौथे में 20, पांचवें में 16 और छठे ओवर में 18 रन बनै. इस तरह भारत ने पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर बना डाला. 1-6 ओवर के बीच भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए. 118 रन जड़ डाले. इससे पहले, तिलक वर्मा ने 26 गेंद में नाबाद 51 रन और संजू सैमसन ने 33 गेंद में 67 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी.
अभिषेक शर्मा ने तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में तीसरी बार 10 या उससे ज्यादा छक्के जड़े. ऑस्ट्रिया के करनबीर सिंह ने सबसे ज्यादा 5 बार T20I में यह कारनामा किया है. T20 क्रिकेट में अभिषेक ने यह कारनामा 7 बार किया. अभिषेक के नाम टी-20 में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड है. भारत के नाम सबसे तेजी से 100 रन की पार्टनरशिप बनाने का रिकॉर्ड भी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने 18.13 के रन रेट से रन बनाए थे.
गेंदबाजों का फॉर्म क्यों है चिंता का विषय?
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय गेंदबाजों ने 3 बार 200 से ज्यादा रन लुटाए. चौथे टी-20 में वेस्टइंडीज ने 3 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत 9 विकेट के नुकसान पर 223 रन ही बना सका और उसे 24 रन से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले, दूसरे टी-20 में भारत ने 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए थे, लेकिन वेस्टइंडीज ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर 4 विकेट खोकर 252 रन हासिल कर लिया.



