Saharanpur news: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी के तिरंगा चौक के पास बुधवार देर रात एक किराए के कमरे से डॉक्टर और एक युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला.

मृतकों की पहचान केरल निवासी 39 वर्षीय सैम कमनीश और सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय आस्था के रूप में हुई है. सैम कमनीश सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे और इसी इलाके में किराए के कमरे में रहते थे.

कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस कमरे से दोनों के शव बरामद हुए, उसका दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस के अनुसार, डॉक्टर सैम कमनीश की कलाई की नस कटी हुई मिली, जबकि उनका शव कमरे की खिड़की से लटका हुआ पाया गया. वहीं, युवती आस्था का शव कमरे के अंदर पड़ा हुआ था.

जांच के दौरान युवती के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि युवती ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा. हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल पाएगा.

प्रेम संबंध से जोड़कर जांच कर रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने कमरे की जांच के साथसाथ वहां मौजूद सामान और अन्य चीजों को भी खंगाला.

एएसपी मनोज यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और आपसी संपर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी तस्वीर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और कमरे में दोनों एक साथ कैसे पहुंचे.

फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.