Kanpur road accident: उत्तर प्रदेश के कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर भीषण हादसा हो गया. सोमवार तड़के ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए. हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के कुछ ही देर बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक कंटेनर से जा भिड़ा, जिससे ट्रक चालक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

हादसा सोमवार सुबह करीब चार बजे बर्रा एलिवेटेड रोड पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने पहले ड्यूटी पर जा रहे दोनों ट्रैफिक सिपाहियों को टक्कर मारी. इसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण ट्रक कुछ ही दूरी पर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसा. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. बाद में बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक के शव को बाहर निकाला.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी. पुलिस, ट्रैफिक विभाग और राहत टीम मौके पर पहुंची. मृतक ट्रैफिक सिपाही और ट्रक चालक के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सिपाही को तत्काल कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बर्रा एलिवेटेड रोड पर जाम लगने की सूचना मिलने के बाद नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र और राकेश अपनी मोटरसाइकिल से यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मूल रूप से आगरा निवासी ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए.

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए. दुर्घटना के बाद एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.