रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नाम से एक फर्जी लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि अगर किसी व्यक्ति को ₹1 लाख की रुकी हुई रकम चाहिए, तो उसे पहले ₹7,500 का “रिफंडेबल टैक्स” जमा करना होगा. हालांकि, सरकार की प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है और लोगों से ऐसे झांसे में न आने की अपील की है.

फर्जी लेटर में क्या दावा किया गया है?

वायरल हो रहे इस लेटर पर RBI का नाम और मुहर लगी हुई दिखाई देती है. इसमें लिखा है कि ₹1,00,000 की रकम ट्रांजैक्शन फेल होने की वजह से रुकी हुई है. इस रकम को जारी कराने के लिए पहले ₹7,500 का टैक्स जमा करना होगा. लेटर में यह भी दावा किया गया है कि यह टैक्स पूरी तरह रिफंडेबल है और पैसे जमा करने के 10 मिनट के भीतर कुल ₹1,06,800 आपके खाते में भेज दिए जाएंगे.

लेटर में यह भी कहा गया है कि टैक्स जमा करने के लिए बैंक खाते की जानकारी RBI के कर्मचारियों की ओर से दी जाएगी और जल्द से जल्द भुगतान करने को कहा गया है.

PIB ने बताया यह पूरी तरह फर्जी है

PIB फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ किया है कि यह लेटर नकली है. RBI कभी भी किसी व्यक्ति से किसी भुगतान को जारी करने के लिए टैक्स या फीस जमा करने को नहीं कहता. लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी संदेश, ईमेल या लेटर पर भरोसा न करें और किसी भी खाते में पैसे न भेजें.

⚠Scam Alert!

🚨 A letter doing rounds on the internet reportedly issued by the Reserve Bank of India claims that the recipient must pay a refundable tax amount of ₹7,500 to facilitate the release of a pending amount of ₹1,00,000. #PIBFactCheck:

❌ This letter is pic.twitter.com/qKfnpQz36Q

— PIB Fact Check July 17, 2026

पहले भी जारी हो चुकी है चेतावनी

RBI पहले भी कई बार लोगों को इस तरह के फर्जी ऑफर, लॉटरी जीतने, विदेश से पैसे मिलने या सस्ते विदेशी फंड दिलाने के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की सलाह दे चुका है. ठग अक्सर RBI या उसके अधिकारियों का नाम लेकर लोगों को धोखा देने की कोशिश करते हैं.

ऐसा संदेश मिले तो क्या करें?

अगर आपको भी ऐसा कोई लेटर, ईमेल, SMS या WhatsApp मैसेज मिले, तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें. किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें और तुरंत इसकी शिकायत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं.

RBI ने लोगों को क्या सलाह दी है?

RBI किसी भी व्यक्ति का बैंक अकाउंट नहीं चलाता.
RBI के अधिकारियों के नाम पर आने वाले फोन कॉल या संदेशों से सावधान रहें.
RBI कभी भी लॉटरी जीतने या विदेश से पैसा आने की सूचना फोन, ईमेल, SMS या चिट्ठी के जरिए नहीं देता.
RBI किसी भी भुगतान को जारी करने के बदले टैक्स या फीस जमा करने के लिए नहीं कहता.
RBI की आधिकारिक वेबसाइट केवल www.rbi.org.in है. इससे मिलतेजुलते नाम और नकली लोगो वाली वेबसाइटों से सावधान रहें.