सोना चांदी और कीमती पत्थरों के गहने बेचने वाली देश की बड़ी ज्वेलरी कंपनियों में से एक पीसी ज्वेलर लिमिटेड के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. कंपनी ने अपने आपको पूरी तरह से कर्ज मुक्त कर लिया है. कंपनी पर 14 बैंकों के ग्रुप का करीब 3000 करोड़ रुपए का कर्ज था. जिसे चुका दिया गया है. जिसके बाद कंपनी पूरी तरह से डेट फ्री हो गई है. वैसे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में करीब 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर कंपनी की ओर से किस तरह की जानकारी दी गई है.

2024 में बनाया था ये प्लान

कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि उसने 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुकाकर खुद को डेटफ्री कर लिया है. कंपनी पर करीब 3,000 करोड़ रुपए का कर्ज था. पीसी ज्वेलर ने सितंबर 2024 में बैंकों के समूह के साथ अपने बकाए के निपटान के लिए एकमुश्त निपटान योजना अपनाई थी. इसके तहत नकद और इक्विटी के माध्यम से भुगतान तथा प्रतिभूतियों और गिरवी रखी संपत्तियों को मुक्त करने जैसी शर्तें शामिल थीं. कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि शुक्रवार को किए गए भुगतान के साथ उसने 30 सितंबर, 2024 को हुए निपटान समझौते की शर्तों के तहत 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुका दिया है. ये भुगतान तय समयसीमा से पहले किए गए हैं.

37 फीसदी हुआ था प्रॉफिट

पीसी ज्वेलर ने कहा कि डेटफ्री होने से उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी. कंपनी का अप्रैलजून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ . हो गया जो साल भर पहले 161.93 करोड़ . था. पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 879.27 करोड़ . हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 807.88 करोड़ . थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पीसी ज्वेलर देश की प्रमुख आभूषण कंपनियों में से एक है और उसके 12 राज्यों में करीब 50 स्टोर हैं.

6 महीने में 77 फीसदी का इजाफा

वैसे मौजूदा साल में पीसी ज्वेलर्स के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. भले ही शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में करीब 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन 5 दिनों में करीब 12 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है. जबकि एक महीने में 25 फीसदी से ज्यादा की ​बढ़ोतरी देखने को मिली है. बीते 6 महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 77 फीसदी का इजाफा देखने को मिल चुका है. जबकि मौजूदा साल में यही रिटर्न 56 फीसदी से ज्यादा देखा जा चुका है.