Mumbai Crime News: मुंबई के विक्रोली इलाके में तड़के तेज संगीत बजाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने एक ही परिवार के लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस खौफनाक वारदात में पिता और उनके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

पार्कसाइट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विक्रोली पश्चिम के राहुल नगर इलाके में 6 अगस्त की तड़के यह सनसनीखेज वारदात हुई. पुलिस के अनुसार, तड़के तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था. जब पीड़ित परिवार ने इस पर आपत्ति जताई, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और लातघूंसे चलने लगे. इसी बीच आरोपियों ने धारदार चाकू निकालकर परिवार पर हमला बोल दिया.
इस हमले में 40 वर्षीय सुनील विश्वकर्मा और उनका 14 साल का बेटा श्लोक विश्वकर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के तुरंत बाद दोनों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों ने दम तोड़ दिया.
पत्नी और छोटा बेटा घायल
वारदात में सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और उनका छोटा बेटा विवान विश्वकर्मा भी चाकू के वार से घायल हुए हैं. दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पार्कसाइट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हत्या के पीछे की हर कड़ी और वजह की गहराई से जांच कर रही है.



