Jammu Dry Fruits Price Hike: दिवाली से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है. देशभर में सूखे मेवों यानी ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. जम्मू में भी ड्राई फ्रूट्स की कीमतें बढ़ी हैं. खासतौर पर अमेरिका से आने वाले कैलिफोर्निया बादाम और पिस्ता के दामों में भारी इजाफा हुआ है. कीमतें बढ़ने से त्योहारों के सीजन में खरीदारी करने बाजार पहुंच रहे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.

एक महीने पहले तक जम्मू में जो कैलिफोर्निया बादाम 800 से 850 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रहा था, उसकी कीमत अब बढ़कर करीब 1,100 से 1,150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. वहीं, पिस्ता के दाम भी तेजी से बढ़े हैं. करीब 1300 रुपये प्रति किलो बिकने वाला पिस्ता अब 1800 से 18,50 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गया है. यानी एक महीने के भीतर पिस्ता की कीमत में करीब 500 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है.
त्योहारों के मौसम में ड्राई फ्रूट्स की मांग है बढ़ती
त्योहारों के मौसम में ड्राई फ्रूट्स की मांग बढ़ जाती है. लोग घरों में इस्तेमाल के साथसाथ रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार देने के लिए भी सूखे मेवे खरीदते हैं, लेकिन इस बार बढ़ी हुई कीमतें ग्राहकों का बजट बिगाड़ रही हैं. बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और अब ड्राई फ्रूट्स भी आम आदमी की पहुंच से दूर होते नजर आ रहे हैं.
व्यापारियों के मुताबिक, क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
ड्राई फ्रूट्स कारोबारियों का कहना है कि कैलिफोर्निया बादाम की कीमतों में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह अमेरिका से आने वाले माल की आपूर्ति में कमी और त्योहारों के दौरान मांग में तेजी है. वहीं, पिस्ता की नई फसल अभी बाजार में नहीं पहुंची है. ऐसे में सीमित उपलब्धता के बीच इसकी कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है.
दिवाली से पहले सूखे मेवों के दाम बढ़ने से ग्राहकों के साथसाथ व्यापारियों के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है. कारोबारियों की नजर अब नई सप्लाई और बाजार में आने वाली फसल पर टिकी है, जिससे आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा तय हो सकती है. त्योहारों के इस सीजन में आम आदमी पहले ही रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों से परेशान है.
प्याज, तेल, चीनी के बाद अब ड्राई फ्रूट्स की महंगाई
अब प्याज, तेल और चीनी के बाद सूखे मेवों के दामों में उछाल ने चिंता और बढ़ा दी है. दिवाली पर मिठाइयों, पकवानों और उपहारों के लिए ड्राई फ्रूट्स खरीदना लोगों के लिए पहले के मुकाबले महंगा पड़ रहा है. कुल मिलाकर, त्योहारों की खुशियों के बीच महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है. अगर कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रहती है, तो इस बार दिवाली पर सूखे मेवों की खरीदारी के लिए लोगों को अपना बजट बढ़ाना पड़ सकता है.
कीमतों में बढ़ोतरी का हिसाब देखें तो कैलिफोर्निया बादाम के दाम एक महीने में करीब 300 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं, जबकि पिस्ता की कीमत में 500 से 550 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यानी एक किलो बादाम और एक किलो पिस्ता खरीदने वाले ग्राहक को अब कुल 800 से 850 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं. ऐसे में त्योहारों के सीजन में ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी आम आदमी की जेब पर भारी पड़ती नजर आ रही है.



