एक छोटा बच्चा अपने पिता से कुछ जरूरी बात कहना चाहता था. पिता सोफे पर बैठे मोबाइल देख रहे थे. बच्चे ने कहा, ‘पापा, मेरी बात सुनिए. पिता ने बिना नजर उठाए जवाब दिया, ‘हां बेटा, सुन रहा हूं’ बच्चा कुछ बोलकर रुक गया और चुपचाप चला गया. थोड़ी देर बाद पिता ने उसे बुलाकर पूछा, ‘क्या कहना चाहते थे? बच्चे ने सिर हिलाया और बोला, ‘कुछ नहीं पापा. आप सुन तो रहे थे, लेकिन मेरे साथ नहीं थे. यह बहुत छोटीसी घटना है, जो शायद हर घर में कभी न कभी होती है. लेकिन इसमें एक बड़ा सवाल छिपा है. ऐसा कैसे होता है कि हम किसी की सारी बातें सुन लेते हैं, फिर भी उसे समझ नहीं पाते?

आज हम हजारों किलोमीटर दूर बैठे व्यक्ति से पलभर में बात कर सकते हैं, लेकिन कभीकभी अपने पास बैठे इंसान तक अपनी भावना नहीं पहुंचा पाते. पहले लोग चिट्ठियों का इंतजार करते थे. उन्हें बारबार पढ़ते थे. शब्दों के पीछे छिपे भाव समझने की कोशिश करते थे. आज दिनभर सैकड़ों संदेश भेजते हैं, लेकिन शायद एक भी दिल से बातचीत नहीं कर पाते.

माफी मांगना दो शब्दों में सिमटा

जन्मदिन की शुभकामनाएं संदेश बन गई हैं. माफी मांगना दो शब्दों में सिमट गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कर्मचारी छुट्टी मांगने के लिए व्हाट्सऐप कर देता है. परिवार की बातचीत एक इमोजी पर समाप्त हो जाती है. तकनीक ने बातचीत आसान और तेज बना दी है, लेकिन क्या उसने हमें एकदूसरे के करीब भी लाया है? शायद हमने संदेश भेजना तो सीख लिया, लेकिन सामने वाले के मन तक पहुंचना भूल गए.

जब इंसान के पास भाषा नहीं थी, तब भी वह अपनी बात कहता था. चित्रों, आवाजों, हाथों और चेहरे के भावों से. आज भी हमारा शरीर बहुत कुछ कहता है. बच्चा मां की आंखों में नाराजगी पहचान लेता है. मां बेटे के घर में प्रवेश करते ही समझ जाती है कि कुछ परेशानी है. दोस्त हमारी आवाज से उदासी महसूस कर सकता है. लेकिन हर इशारे का एक ही अर्थ नहीं होता. कोई हाथ बांधकर बैठा है तो जरूरी नहीं कि वह नाराज हो. कोई चुप है तो वह दुखी, थका हुआ या किसी सोच में डूबा हो सकता है.

बिना पूछे दूसरे के मन का फैसला

परेशानी तब शुरू होती है जब हम बिना पूछे दूसरे के मन का फैसला कर लेते हैं. हमारी एक अजीब आदत है. हम चाहते हैं कि लोग हमें पूरी तरह समझें, लेकिन अपनी बात साफसाफ कहने से बचते हैं. पति थककर घर लौटता है और कम बोलता है. पत्नी सोचती है कि वह उससे नाराज है. वह भी चुप हो जाती है. पति उसकी चुप्पी देखकर समझता है कि पत्नी नाराज है. रात तक दोनों के मन में शिकायतें जमा हो जाती हैं.

किसी ने किसी को बुरा नहीं कहा, फिर भी दोनों दुखी हैं. कितने रिश्ते कही गई बातों से नहीं, बल्कि मन में बनाई गई कहानियों से कमजोर पड़ जाते हैं. कई बार सामने वाले की बात हमें इसलिए चुभती है क्योंकि वह हमारे भीतर छिपे किसी पुराने दुख को छू जाती है. यह बात तब और गंभीर हो जाती है जब हमारे पास अधिकार होता है. मातापिता, शिक्षक, अधिकारी या परिवार का मुखिया कभीकभी समझते हैं कि उनकी बात मान लेना ही अच्छा संवाद है.

चुप्पी का अर्थ सहमति नहीं होता

ऊंची आवाज से सामने वाला चुप हो सकता है, लेकिन चुप्पी का अर्थ सहमति नहीं होता. डरा हुआ बच्चा सवाल पूछना छोड़ देता है. कर्मचारी सुझाव देना बंद कर देता है. परिवार का सदस्य वही बोलने लगता है जिससे झगड़ा न हो. बाहर से सब ठीक दिखाई देता है, लेकिन भीतर बातचीत समाप्त होने लगती है. शायद हमारी बातचीत की असली पहचान यह नहीं कि लोग हमारी बात कितने ध्यान से सुनते हैं, बल्कि यह है कि वे हमारे सामने कितनी निडरता से अपनी बात कह पाते हैं.

कहानी सुनाने का मकसद

कहानियों में भी यही शक्ति होती है. बच्चे से कहिए कि किसी को कपड़ों से मत पहचानो. वह बात भूल सकता है. लेकिन उसे एक गरीब दिखने वाले बुजुर्ग की कहानी सुनाइए, जो बड़ी दुकान में जाता है. कोई उसकी ओर ध्यान नहीं देता, लेकिन एक छोटा कर्मचारी उसे बैठने के लिए कुर्सी देता है. बच्चा उस घटना को याद रखेगा. कहानी हमें दूसरे इंसान की जगह खड़े होकर सोचने का अवसर देती है. लेकिन कहानी सुनाने का उद्देश्य भी केवल अपनी बात मनवाना नहीं होना चाहिए.

हर बातचीत जीतना जरूरी नहीं

अच्छा संवाद वह है जिसमें असहमति होने पर भी सम्मान बना रहे. हर बातचीत जीतना जरूरी नहीं. कभीकभी दूसरे को समझ लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है. अब सवाल थोड़ा और भीतर जाता है. दिनभर हमारे अपने मन में भी बातचीत चलती रहती है. किसी ने फोन नहीं उठाया तो हम सोचते हैं कि वह हमें नजरअंदाज कर रहा है. किसी सहकर्मी की तारीफ हुई तो लगता है कि हमारी मेहनत भुला दी गई. कोई असहमत हुआ तो हम उसकी बात पूरी होने से पहले जवाब तैयार करने लगते हैं. लेकिन क्या हमारे मन की हर कहानी सच होती है?

अपनी बारी आने का इंतजार किया?

क्या हमारा गुस्सा आज की घटना से पैदा हुआ है या किसी पुराने अनुभव से? हम दूसरों के सामने बोलना सीखते रहते हैं, लेकिन अपने भीतर उठने वाले विचारों से सवाल करना भूल जाते हैं. एक छोटासा प्रयोग करके देखिए. अगली बार कोई आपसे बात करे तो बीच में मत टोकिए. तुरंत सलाह मत दीजिए. अपनी कहानी सुनाने की जल्दी मत कीजिए. उसकी बात पूरी होने दीजिए. चेहरे के भाव देखिए. कुछ समझ न आए तो प्यार से पूछिए. फिर अपने आप से पूछिए कि क्या मैंने उसकी बात समझी या केवल अपनी बारी आने का इंतजार किया?

इसका अर्थ यह नहीं कि हम अपनी राय छोड़ दें. हम बिना अपमान किए असहमत हो सकते हैं. किसी की गलती सुधार सकते हैं, बिना उसे छोटा महसूस कराए. नाराज हुए बिना अपनी बात मजबूती से रख सकते हैं. एक दिन वही छोटा बच्चा बड़ा होकर पिता बनेगा. उसके पास भी जिम्मेदारियां होंगी. मोबाइल लगातार बजता रहेगा. शायद उसका बच्चा भी किसी दिन कुछ कहने आएगा. उस क्षण उसे अपना बचपन याद आ सकता है. वह मोबाइल एक तरफ रखकर बच्चे की आंखों में देखेगा और कहेगा, हां बेटा, बताओ. मैं सुन रहा हूं. कोई बड़ी घटना नहीं होगी. लेकिन उस बच्चे के मन में यह भरोसा बना रहेगा कि उसकी बात महत्वपूर्ण है.

बात खत्म होने का इंतजार

हम पूरी जिंदगी सही शब्द खोजते रहते हैं, ताकि लोग हमें समझ सकें. शायद उससे भी जरूरी यह है कि हम ऐसे इंसान बनें जिसके सामने किसी दूसरे को अपनी बात समझाने के लिए संघर्ष न करना पड़े. जब कोई हमसे कुछ कह रहा होता है, तब क्या हम सचमुच उसकी कहानी सुन रहे होते हैं, या केवल अपनी कहानी सुनाने के लिए उसकी बात खत्म होने का इंतजार कर रहे होते हैं?