Darbhanga Murder: दरभंगा में दुर्गा पूजा के पर्व के बीच हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है. बिशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के बरही टोल में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सुरेंद्र ठाकुर फर्नीचर बनाने का काम करते थे. घटना शुक्रवार देर रात की है. शनिवार सुबह जब उनकी बेटी पिता को जगाने पहुंची, तो वह खून से लथपथ बिछावन पर मृत मिले.

गोली उनके सिर के आरपार हो गई थी. जानकारी के अनुसार, गांव में दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में साउंड बज रहा था, जिसके कारण रात में गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी. परिजनों ने करीब 24 साल से चले आ रहे जमीन विवाद का भी जिक्र किया है, हालांकि किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है.

मृतक की बेटी ने जताई साजिशन हत्या की आंशका

मृतक की बेटी राखी कुमारी ने पिता की हत्या साजिश के तहत किए जाने की आशंका जताई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राखी ने बताया कि पिता रोज की तरह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के लोग अंदर थे. रात में किसी को भी पता नहीं चला. गांव के पास दुर्गा पूजा आयोजित की गई है, जहां तेज आवाज में साउंड बज रहा था. ऐसे में गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

बेटी ने बताया कि चाची रात को फूल तोड़ने के लिए गई थी. तब पिता मोबाइल देख रहे थे. फूल तोड़कर चाची वास आईं और फिर सो गईं. वहीं घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर SDPO राजीव कुमार और FSL की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन कर रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि पहली नजर में यह मामला हत्या का लग रहा है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.