Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. थाना रिजोर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे बैठे बेजुबान पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण हादसे में दो गाय और एक भैंस समेत कुल तीन पशुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए.

रामनगर गांव के पास देर रात हुआ हादसा: जानकारी के मुताबिक, यह घटना 28 नवंबर की देर रात थाना रिजोर क्षेत्र के गांव रामनगर के समीप हुई. अलीगढ़ जिले से मोरम खाली कर शिकोहाबाद की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और वहां बैठे कई पशुओं को कुचलता चला गया, जिससे तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई.

धमाके की आवाज से खुली ग्रामीणों की नींद

टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के घरों में सो रहे ग्रामीण दहशत में बाहर निकल आए और मौके पर चीखपुकार मच गई. पशुओं को कुचलने के बाद बेकाबू ट्रक आगे जाकर एक गड्ढे में फंस गया, जिसके चलते वह वहीं रुक गया.

पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया, शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलते ही रिजोर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को कब्जे में लेकर नाराज ग्रामीणों को शांत कराया. इसके बाद मृत पशुओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.