Bhopal Rukhsana Death Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सनसनीखेज घटना सामने आई है. ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया में रहने वाली 37 वर्षीय रुखसाना और उसके दो बच्चों की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आरोप है कि घर में आटा कम होने की बात कहने पर पति ने रुखसाना की पिटाई कर दी थी. इस दौरान मां को बचाने आई 12 साल की बेटी को भी पीटा गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना से आहत रुखसाना ने पहले अपने पिता को फोन कर दर्द बयां किया था. कुछ घंटे बाद ही उसने अपनी बेटी रुकवई और 8 साल के बेटे फैजल के साथ सल्फास खा लिया. तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, रुखसाना की शादी 2012 में गंजबासौदा निवासी फहीम खान से हुई थी. दोनों परिवार के साथ अरवलिया में रहते थे. इसी मकान में फहीम का छोटा भाई नईम और उसकी पत्नी शबनम भी रहते थे.
शनिवार सुबह शबनम ने रोटी बनाने के लिए रुखसाना से आटा मांगा. रुखसाना ने घर में आटा कम होने की बात कहते हुए फिलहाल काम चलाने को कहा. आरोप है कि शबनम ने इसकी शिकायत अपने पति नईम से की और नईम ने फहीम को इसकी जानकारी दी. इसके बाद फहीम ने रुखसाना के साथ मारपीट शुरू कर दी. मां को बचाने पहुंची बेटी को भी पीटा गया.
पिता को फोन कर कहा अब जीना नहीं चाहती
मारपीट और बेइज्जती से आहत रुखसाना ने अपने पिता हलीम खान को फोन किया था. उसने बताया कि उसने सिर्फ आटा कम होने की बात कही थी, लेकिन पति ने उसकी बात सुने बिना लातघूंसों से पीटा. बेटी के साथ भी मारपीट की गई. उसने पिता से कहा कि अब वह जीना नहीं चाहती.
पिता ने उसे समझाया कि घरेलू बातों को दिल पर न ले और वह दामाद से बात करेंगे. हालांकि, उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटी से यह उनकी आखिरी बातचीत होगी.
स्कूल से बच्चों को घर लाई
घटना के दिन सुबह फहीम दोनों बच्चों को स्कूल छोड़कर अपनी पंचर की दुकान चला गया था. विवाद के बाद रुखसाना स्कूल पहुंची और दोनों बच्चों को घर ले आई. उस समय नईम अपनी पत्नी शबनम को डॉक्टर के पास लेकर गया हुआ था.
कुछ देर बाद घर से चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे. दरवाजा बंद था. अंदर जाकर देखा तो रुखसाना और दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था. तीनों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई.
पिता बोले हर बार बेटी को समझाया
रुखसाना के पिता हलीम खान का आरोप है कि फहीम छोटीछोटी बातों पर बेटी के साथ मारपीट करता था. नईम भी उसे प्रताड़ित करता था. वह अक्सर मायके फोन कर अपनी परेशानी बताती थी. हलीम के मुताबिक, वह हर बार बेटी को घर बचाने और विवादों को नजरअंदाज करने की सलाह देते थे.
वहीं, फहीम का कहना है कि घर में 10 किलो आटा रखा था और इसी बात पर पत्नी से बहस हुई थी. उसने सिर्फ रुखसाना को डांटा था. पुलिस परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.



