पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं, लेकिन चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही राज्य में चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया है कि राज्य के सभी जिलों में 12 नवंबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल की फर्स्ट लेवल चेकिंग शुरू होगी. यह चुनाव आयोग की ओर से तय एक जरूरी प्रक्रिया है, जिसके तहत चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की तकनीकी जांच की जाती है, ताकि मतदान के समय किसी तरह की गड़बड़ी न हो.

चुनाव की घोषणा होने का इंतजार किए बिना EVM और VVPAT की जांच पहले से शुरू की जाती है. चुनाव आयोग ने बकायदा इसके लिए ईवीएम मैन्युअल जारी कर रखा है. इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में पूरी तरह से काम करने वाली मशीनें उपलब्ध रहें. अब सवाल है कि EVM की जांच से लेकर मतदान और वोटों की गिनती तक पूरी प्रक्रिया कैसे होती है? आइए समझते हैं.

EVM से वोटों की गिनती तक क्या है पूरा प्रोसेस?

FLC क्या है और EVM की जांच क्यों होती है?

FLC का पूरा नाम होता है फर्स्ट लेवल चेकिंग. यह चुनाव से पहले EVM और VVPAT की जांच करने की प्रक्रिया है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाली सभी मशीनें पूरी तरह से काम कर रही हैं. चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक, हर आम चुनाव और उपचुनाव में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की FLC कराई जाती है. जांच में सफल मशीनों का ही चुनाव में इस्तेमाल किया जाता है.

EVM और VVPAT की जांच कौन करता है?

जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में BEL और ECIL के अधिकृत इंजीनियर मशीनों की जांच करते हैं. इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रह सकते हैं. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाती है.

FLC में मशीनों की क्या जांच होती है?

इसमें बैलेट यूनिट , कंट्रोल यूनिट और VVPAT की सफाई, तकनीकी खामियों और खराब पुर्जों की जांच की जाती है. मशीनों को टेस्ट किया जाता है और मॉक पोल के जरिए उनकी कार्यक्षमता देखी जाती है. जांच में सफल मशीनों को चुनाव के लिए सुरक्षित रखा जाता है.

चुनाव कराने के लिए कितनी EVM और VVPAT की जरूरत होती है?

चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, मशीनों की जरूरत चुनाव के प्रकार पर निर्भर करती है. लोकसभा या विधानसभा के आम चुनाव में FLC के लिए कुल पोलिंग स्टेशनों की संख्या के कम से कम 125% बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट की जरूरत होती है.

वहीं, VVPAT की संख्या कम से कम 135% होनी चाहिए. हालांकि, भौगोलिक स्थिति और पिछले चुनावों के अनुभव को देखते हुए चुनाव आयोग इससे अलग संख्या भी आवंटित कर सकता है. वहीं, लोकसभा या विधानसभा उपचुनाव में FLC के लिए कुल पोलिंग स्टेशनों की संख्या के कम से कम 200% EVM की जरूरत होती है.

EVM की पहली रैंडमाइजेशन कब और क्यों होती है?

FLC पूरी होने के बाद पहली रैंडमाइजेशन की जाती है. इसमें मशीनों को विधानसभा क्षेत्र या लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा सेगमेंट के हिसाब से आवंटित किया जाता है. इसका उद्देश्य मशीनों का आवंटन तय प्रक्रिया के तहत करना है.

EVM की दूसरी रैंडमाइजेशन कब होती है?

पहली रैंडमाइजेश के बाद दूसरी रैंडमाइजेशन भी होती है. इसे उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार होने के बाद किया जाता है. इसमें तय किया जाता है कि कौनसी EVM किस पोलिंग बूथ पर इस्तेमाल होगी. इस तरह किसी खास मशीन को पहले से किसी खास बूथ के लिए तय नहीं किया जाता.

EVM की कमीशनिंग क्या होती है?

रैंडमाइजेशन के बाद मशीनों की कमीशनिंग की जाती है. इस दौरान बैलेट यूनिट में उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिह्न वाले बैलेट पेपर लगाए जाते हैं. कंट्रोल यूनिट में उम्मीदवारों की संख्या सेट की जाती है और VVPAT में चुनाव चिह्न लोड किए जाते हैं.

मतदान शुरू होने से पहले मॉक पोल क्यों कराया जाता है?

मतदान शुरू होने से पहले पोलिंग बूथ पर मॉक पोल कराया जाता है. इसमें कम से कम 50 वोट डालकर जांच की जाती है कि EVM और VVPAT सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं. इससे मतदान शुरू होने से पहले मशीनों की वर्किंग एफिशिएंसी की पुष्टि होती है.

मॉक पोल के बाद क्या किया जाता है?

मॉक पोल पूरा होने के बाद उसका डेटा क्लियर किया जाता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। VVPAT की मॉक पोल पर्चियां निकालकर अलग रखी जाती हैं. इसके बाद मशीन को सील किया जाता है और वास्तविक मतदान शुरू कराया जाता है.

EVM पर वोट डालने के बाद VVPAT में क्या होता है?

वोटर बैलेट यूनिट पर अपनी पसंद के उम्मीदवार का बटन दबाता है. इसके बाद VVPAT की स्क्रीन पर उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिह्न वाली पर्ची करीब 7 सेकंड तक दिखाई देती है. फिर यह पर्ची मशीन के बॉक्स में गिर जाती है. इससे वोटर अपने वोट की पुष्टि कर सकता है.

मतदान खत्म होने के बाद EVM का क्या होता है?

मतदान खत्म होने पर कंट्रोल यूनिट का CLOSE बटन दबाया जाता है. इसके बाद कुल पड़े वोटों का रिकॉर्ड सुरक्षित किया जाता है. मशीनों को सील करके स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाता है.

स्ट्रॉन्ग रूम में EVM की सुरक्षा कैसे होती है?

मतदान के बाद EVM को स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाता है. यहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था और CCTV निगरानी होती है. मतगणना तक मशीनों को सुरक्षित रखा जाता है, ताकि उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके.

वोटों की गिनती के दिन EVM से नतीजे कैसे निकलते हैं?

मतगणना के दिन कंट्रोल यूनिट से उम्मीदवारों को मिले वोटों का रिजल्ट निकाला जाता है. इसके साथ ही VVPAT की पर्चियों का भी मिलान किया जाता है. हर विधानसभा क्षेत्र में 5 मतदान केंद्रों की VVPAT पर्चियों की अनिवार्य गिनती होती है. लोकसभा चुनाव में हर विधानसभा सेगमेंट के 5 मतदान केंद्रों की पर्चियां गिनी जाती हैं.

EVM और VVPAT के आंकड़ों में अंतर आए तो क्या होगा?

उम्मीदवार नियम 56D के तहत किसी मतदान केंद्र की VVPAT पर्चियों की गिनती की मांग कर सकते हैं. अगर कंट्रोल यूनिट और VVPAT की गिनती में अंतर मिलता है, तो VVPAT की पर्चियों की गिनती को मान्य माना जाता है.