Patna Crime News: बिहार में पटना के संपतचक थाना क्षेत्र के गोपालपुर अंतर्गत चक बैरिया गांव में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान एक बड़ी और सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है. सोमवार की सुबह जब पूरा परिवार उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर गया हुआ था, तब चोरों ने उनके सूने दो मंजिला मकान को अपना निशाना बनाया. चोरों ने बड़ी सफाई से मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और महज कुछ ही घंटों के भीतर करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के सोने के बेशकीमती जेवरात और पचास हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया.

इस दुस्साहसिक वारदात ने एक तरफ जहां पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पीड़ित परिवार कोई आम परिवार नहीं है, बल्कि एक प्रतिष्ठित और शिक्षित परिवार है. घर के मालिक अरुण सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनके भाई धर्मेंद्र सिंह गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर सेवा दे रहे हैं. इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षक और इंजीनियर जैसे प्रतिष्ठित पेशों से जुड़े हैं.

बेहद शातिर तरीके से चोरों ने की चोरी

सोमवार की भोर में जब अरुण सिंह और प्रोफेसर धर्मेंद्र सिंह के परिवारों की महिलाएं और अन्य सदस्य अपनी पहली व दूसरी मंजिल के कमरों में ताला लगाकर बैरिया सूर्य मंदिर घाट की ओर रवाना हुए, तब शायद ही किसी को इस बात का अंदेशा रहा होगा कि कुछ ही पन्नों में उनकी खुशियां गम में बदलने वाली हैं. चोरों ने इस घटना को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया. मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद उन्होंने घर के अंदर कमरों की अलमारियों, दीवान पलंग, पेटियों और बक्सों के ताले तोड़कर तसल्ली से तलाशी ली.

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने केवल सोने के गहनों और नकदी को ही निशाना बनाया और चांदी के जेवरात व बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया. वे सोने के गहने समेटकर खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ गए. चोरी गए इन जेवरात में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और उनकी माता रेणु सिंह के गहने शामिल थे, जिन्होंने खुद इस वर्ष छठ का कठिन व्रत रखा था. पर्व के समापन दिन हुई इस भारी क्षति ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

अर्घ्य देकर लौटा परिवार तो उड़ गए होश

जब अर्घ्य देने के बाद परिवार के लोग वापस अपने घर लौटे, तो मुख्य गेट का टूटा हुआ ताला देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सारा सामान तितरबितर बिखरा पड़ा था और जब महिलाओं ने अपने बक्से खाली देखे, तो घर में चीखपुकार मच गई. आननफैनन में डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. हालांकि, स्थानीय लोगों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में हुई देरी को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की.

पुलिस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी

सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने तुरंत एक्शन लेते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस प्राथमिक जांच और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है. वारदात के समय मकान में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, लेकिन पास के एक अन्य मकान के कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष का कहना है कि जिस वक्त चक बैरिया में यह चोरी हुई, पुलिस की टीम पास ही के आशीर्वाद कॉलोनी में गश्त कर रही थी.

चूंकि चोरों ने केवल सोने को ही चुना और चांदी को छुआ तक नहीं, इसलिए पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस वारदात के पीछे किसी ऐसे शख्स का हाथ हो सकता है, जिसे घर के चप्पेचप्पे और सामान की पुख्ता जानकारी थी. अब पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.