पिछले एक साल में भारत के टॉप 100 ब्रांड्स की कुल वैल्यू में 12 फीसदी की गिरावट आई है. इसका कारण यह रहा कि टेक्नोलॉजी और फाइनेंशियल सर्विसेज में आई गिरावट, ऑटोमोबाइल और रिटेल सेक्टर में हुई बढ़त पर भारी पड़ गई. कांतार की 2026 ‘ब्रांडZ’ रैंकिंग के अनुसार, एयरटेल ने HDFC बैंक को पीछे छोड़ दिया है और पहली बार देश का सबसे वैल्यूएबल ब्रांड बन गया है. इन टॉप 100 ब्रांड्स की कुल वैल्यू 460.3 अरब डॉलर रही, जो भारत की GDP का 11 फीसदी है. एयरटेल की ब्रांड वैल्यू 5 फीसदी बढ़कर 43.2 अरब डॉलर हो गई, जबकि 35.6 अरब डॉलर की वैल्यू के साथ HDFC बैंक दूसरे स्थान पर रहा. इसके बाद 24.1 अरब डॉलर की वैल्यू के साथ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का नंबर आता है.

ग्रोथ की कोई गारंटी नहीं
कांतार में दक्षिण एशिया की मैनेजिंग डायरेक्टर, सौम्या मोहंती ने बताया कि इस गिरावट में मुख्य रूप से ‘बिजनेसटूबिजनेस’ और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी ब्रांड्स के साथसाथ कुछ बड़ी फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों का बड़ा हाथ रहा है. मोहंती ने कहा कि अब ग्रोथ की कोई गारंटी नहीं है. पहले जो लहर सबको ऊपर उठा रही थी, अब वैसी स्थिति नहीं रही. हम देखेंगे कि मजबूत ब्रांड, कमजोर ब्रांडों से काफी आगे निकल जाएंगे. कांतार ने पाया कि जिन भारतीय ब्रांडों ने अपना मीनिंगफुल डिफरेंस मजबूत किया, उनमें औसतन 7 फीसदी की वृद्धि हुई. वहीं, जिनके स्कोर में कोई बदलाव नहीं आया या जो गिरे, उन्हें 13 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ा.
ग्लोबल ब्रांड वैल्यू में आई 22% की वृद्धि
यह गिरावट ग्लोबल ब्रांड वैल्यू में आई 22% की वृद्धि के बिल्कुल विपरीत है. ग्लोबल लेवल पर यह उछाल मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों और टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म्स की वजह से आया है. कांतार के अनुसार, भारत में इन सेक्टर्स की हिस्सेदारी कम है. दक्षिण एशिया के लिए कांतार के एग्जीक्यूटिव मैनेजिंग डायरेक्टर दीपेंद्र राणा ने कहा कि भारत की बढ़ती इकोनॉमी मासमार्केट और प्रीमियम ब्रांड्स के लिए मौके तो देती है, लेकिन महंगाई का असर कंज्यूमर्स के फैसलों पर पड़ रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। राणा ने कहा कि ब्रांडों को एक ऐसी रणनीति बनानी होगी जो कम समय के दबाव और लंबे समय में ब्रांड बनाने के काम के बीच सही संतुलन बिठा सके.
एयरटेल बनी देश की पहली टेलीकॉम कंपनी
2020 के बाद से एयरटेल की ब्रांड वैल्यू में 210 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसकी वजह यह है कि कंपनी ने सिर्फ कनेक्टिविटी से आगे बढ़कर डिजिटल सर्विस के सेक्टर में भी विस्तार किया है. 2014 में अपनी शुरुआत के बाद से, एयरटेल इस रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाली पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है. मीशो सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला ब्रांड रहा, जिसकी ब्रांड वैल्यू 64 फीसदी बढ़कर 1.9 अरब डॉलर हो गई. इसके बाद रॉयल एनफील्ड का नंबर आता है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 60% बढ़कर 3.8 अरब डॉलर हो गई.
फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे बड़ी कैटेगरी बनी रही, जिसका टॉप 100 ब्रांडों की कुल वैल्यू में 29% हिस्सा है. ब्लिंकइट इस लिस्ट में शामिल होने वाला नया ब्रांड है, जो 27वें नंबर पर है और इसकी ब्रांड वैल्यू 4.3 अरब डॉलर है. ग्लोबल टॉप 100 में भारत के तीन ब्रांड एयरटेल, HDFC बैंक और TCS शामिल हैं. जियो को इस लिस्ट में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि इसका वैल्यूएशन शेयर बाजार में लिस्ट होने से पहले ही कर लिया गया था.



