नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 350 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी 50 भी 24,300 के स्तर से नीचे चला गया।

सुबह 9:35 बजे सेंसेक्स 338.86 अंक यानी 0.43 फीसदी की गिरावट के साथ 77,670.39 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 50 में 74.75 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,291.25 अंक पर पहुंच गया।

बाजार में गिरावट के बीच भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर खुला। रुपया 0.06 फीसदी की गिरावट के साथ 95.4775 के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.4250 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 26 शेयर शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुले। हिंदुस्तान यूनिलीवर और बजाज फिनसर्व के शेयर करीब 1.5 फीसदी तक टूटे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, एलएंडटी, एनटीपीसी, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और टाइटन के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली।

हालांकि, कुछ शेयरों में खरीदारी भी दिखाई दी। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड , एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इटरनल के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।

निफ्टी 50 में जेएसडब्ल्यू स्टील, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज शुरुआती कारोबार में प्रमुख गिरावट वाले शेयरों में रहे। व्यापक बाजार में भी दबाव दिखाई दिया। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.36 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.17 फीसदी नीचे रहा।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली। वहीं, निफ्टी ऑटो इंडेक्स ने अन्य प्रमुख सेक्टरों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना रहा।