मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. चुनाव आयोग की ओर से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने उनकी मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ाने का फैसला किया है. ज्ञानेश कुमार के दिल्ली स्थित आवास, चुनाव आयोग मुख्यालय और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.

अर्धसैनिक बलों की संख्या बढ़ाई जाएगी

सुरक्षा का यह विस्तार हालिया सुरक्षा आकलन के बाद किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा प्राप्त है. अब हालात के नए आकलन के बाद उनके सुरक्षा घेरे में अतिरिक्त जवान शामिल किए जा रहे हैं. चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिसर के भीतर CISF की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं.

आगरा में पैतृक घर तक पहुंचा था विरोध

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहे हैं. उत्तर प्रदेश के आगरा में उनके पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया गया था. 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के विजय नगर स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान घर के गेट और दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे. इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद आगरा स्थित आवास की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है.

लगातार बढ़ रहा है विरोध

दरअसल, SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में भी प्रदर्शन किया है. 7 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके बाद कई नेताओं को हिरासत में लिया गया. ऐसे में लगातार हो रहे प्रदर्शनों और CEC के आवास तक विरोध पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था का नया आकलन किया है.