मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक हादसे में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. महिला घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही थीं. इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई और देखते ही देखते बिस्तर और चादर आग की चपेट में आ गए. परिजन का कहना है कि रॉकेट बम उनकी चादर में घुस गया था, जिसकी वजह से आग लगी. परिजन बुजुर्ग को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके. घटना हीरानगर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर की है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

मृतका की पहचान गुलाबबाई नवरे के रूप में हुई है. वह 95 साल की थीं और परिवार के साथ गायत्री नगर में रहती थीं. घर की दूसरी मंजिल पर उनके लिए अलग कमरा बनाया गया था. वह रात में इसी कमरे में सोती थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मकान के निचले हिस्से में रहते थे.

सोमवार देर रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य नीचे बैठकर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान घर में धुआं दिखाई देने लगा. शुरुआत में परिजनों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब वे ऊपर की मंजिल पर पहुंचे तो कमरे से आग की लपटें निकल रही थीं. अंदर बिस्तर और चादर में आग लगी हुई थी. गुलाबबाई भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुकी थीं.

परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नहीं बची जान

कमरे में आग देखकर परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और किसी तरह बुजुर्ग महिला को कमरे से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन शरीर बुरी तरह झुलसने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी रही. देर रात करीब तीन बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

बताया जा रहा है कि गुलाबबाई की उम्र काफी अधिक थी. उन्हें चलनेफिरने में परेशानी होती थी. वह ठीक से बोल भी नहीं पाती थीं. ऐसे में आग लगने के बाद उनके लिए खुद को बचाना मुश्किल हो गया. संभव है कि आग का पता चलने के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं निकल पाई हों.

रॉकेट गिरने से आग लगने की आशंका

परिजनों ने आग लगने के पीछे दीपावली के दौरान छोड़े गए रॉकेट को वजह बताया है. उनका कहना है कि कोई रॉकेट कमरे में आकर चादर में घुस गया, फिर आग लग गई. परिवार के मुताबिक, घटना के समय कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था. यह घटना 9 नवंबर की देर रात करीब 11 बजे हुई थी. बुजुर्ग महिला गुलाबबाई नवरे की अस्पताल में मंगलवार को मौत हुई.

हीरानगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है. पुलिस आग लगने के सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही बुजुर्ग महिला की मौत और आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.