Jaipur jewellery showroom robbery: राजस्थान के जयपुर में ज्वैलरी शोरूम में हुई 37 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वैशाली नगर स्थित सीरीज ज्वैल्स में वारदात करने वाले आरोपी को पुलिस ने दिल्ली के द्वारका से गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है. वह कालवाड़ रोड स्थित देवी नगर का रहने वाला है. पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई ज्यादातर ज्वैलरी भी बरामद कर ली है.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने लूट की जो वजह बताई, वह चौंकाने वाली है. उसका कहना है कि उसने विदेश में खुद की पढ़ाई और पत्नी को यूके में पढ़ाने के लिए करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन लिया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी लिया था. नौकरी छूटने के बाद वह लोन की किस्तें नहीं चुका पा रहा था. इसी परेशानी में उसने ज्वैलरी शोरूम लूटने की योजना बनाई.
मास्क और पीली टोपी पहनकर शोरूम में घुसा
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, वैशाली नगर स्थित सीरीज ज्वैल्स की कंसलटेंट अंजली कायथ ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि सुबह शोरूम खोलने के दौरान वहां वह और सुरक्षा गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता मौजूद थे. इसी दौरान मास्क लगाए और सिर पर पीली टोपी पहने एक युवक शोरूम में दाखिल हुआ.
आरोपी ने चाकू दिखाकर दोनों को धमकाया और उनसे गहने एक बैग में भरवा लिए. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. लूटे गए सामान में सात हीरे, सोने का एक हार और 31 अंगूठियां शामिल थीं. इनकी कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई है.
वारदात के बाद गली में बदले कपड़े, फिर स्कूटी से पहुंचा घर
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए एक सुनसान गली में कपड़े बदल लिए. इसके बाद वह स्कूटी से कालवाड़ रोड स्थित अपने घर पहुंच गया. पुलिस को चकमा देने के लिए उसने लूटी गई ज्वैलरी बेचने की योजना बनाई और दिल्ली निकल गया.
आरोपी की पत्नी दिल्ली में रह रही थी. वह वहां ज्वैलरी बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे द्वारका इलाके से पकड़ लिया. उसके पास से लूटी गई ज्यादातर ज्वैलरी बरामद कर ली गई है.



