नवविवाहिता दीक्षा ने मरने से पहले हथेली में लिखा ‘S, U, A’, परिजनों ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप….

जबलपुर ; जबलपुर में 23 साल की नवविवाहिता दीक्षा पांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. दीक्षा मूल रूप से झांसी के मऊरानीपुर की रहने वाली थी. उसकी मौत जबलपुर के बड़ेरिया प्राइम अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. इस मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है.

दहेज और संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप
दीक्षा पांडे की शादी करीब डेढ़ साल पहले छतरपुर के रहने वाले अक्षय उर्फ सतीष मिश्रा से हुई थी. दीक्षा के पति अक्षय सीआरपीएफ (CRPF) में पदस्थ हैं और वर्तमान में नागपुर में तैनात हैं. दीक्षा के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. ससुराल वाले दहेज और संतान न होने की बात को लेकर ताने देते थे और परेशान करते थे. मायके पक्ष का दावा है कि ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या की है।

30 सितंबर को हुई थी एडमिट
जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को अक्षय अपनी पत्नी दीक्षा को लेकर छतरपुर आया था. इसके बाद 27 सितंबर को दोनों हटा थाना क्षेत्र के ग्राम पाटन में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान दीक्षा की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद 30 सितंबर को उसे इलाज के लिए जबलपुर के बड़ेरिया प्राइम अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने के कारण दीक्षा को वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

हथेली पर लिखे अक्षर और पेन से इशारे
दीक्षा के भाई भूपेंद्र ने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का दावा है कि वेंटिलेटर पर होने के कारण दीक्षा बोल नहीं पा रही थी. लेकिन, उसने अपनी हथेली पर पेन से ‘S’, ‘U’ और ‘A’ लिखा था. भूपेंद्र के मुताबिक दीक्षा ने हथेली पर पेन से S, U और A लिखा. परिवार ने S को सोनम, U को उमा और A को अक्षय से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि दीक्षा ने मरने से पहले इन्हीं लोगों की ओर इशारा किया था. परिजनों का कहना है कि दीक्षा के गले पर रस्सी जैसे निशान भी दिखाई दे रहे थे. घटना से पहले दीक्षा ने अपनी मां से फोन पर बात की थी, जिसमें ननद के साथ विवाद होने की बात सामने आई थी.

पुलिस कार्रवाई और मर्ग डायरी ट्रांसफर
दीक्षा की मौत के बाद तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मामले में गोहलपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घटना स्थल हटा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए मर्ग डायरी को आगे की जांच के लिए हटा पुलिस को भेजा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.