Bengaluru Lawyer Murder: बेंगलुरु में एक वकील की मौत को शुरू में दिल का दौरा माना जा रहा था, लेकिन अब अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है. जांच मे पता चला है कि वकील को दिल का दौरा नहीं पड़ा था, बल्कि ऑटो किराए को लेकर हुए मामूली विवाद के चलते उनकी हत्या की गई थी. मृतक वकील की पहचान राम के रूप में हुई थी.

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी ऑटो चालक मेघराज को गिरफ्तार कर लिया है. 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे, नागरबावी रिंग रोड पर वकील राम अचानक बीमार पड़ गए. होयसला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, इलाज कारगर नहीं रहा और राम का दोपहर करीब 3 बजे निधन हो गया.
शरीर पर चोट के निशान देख परिवार को हुआ शक
निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि राम की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई होगी. पुलिस ने शुरू में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया. हालांकि, जब परिवार वालों ने शरीर पर चोट के निशान देखे, तो उन्हें शक हुआ और जांच करने पर पता चला कि घटना वाले दिन एक ऑटो चालक का राम से झगड़ा हुआ था.
9 अक्टूबर को श्रीराम अंबेडकर कॉलेज के पास नागरबावी रिंग रोड के पर टहल रहे थे, तभी उन्होंने घर जाने के लिए एक ऑटो रोकी. इसी दौरान किराए को लेकर ऑटो चालक मेघराज से उनकी बहस हो गई. राम ने ऑटो में बैठने से इनकार करते हुए आगे चलना शुरू कर दिया. क्रोधित होकर ऑटो चालक मेघराज अपने साथियों के साथ राम का पीछा किया, उन्हें गालियां दीं और उनके सिर पर गंभीर प्रहार किए.
सिर में खून का थक्का जमने से हुई मौत
मेघराज और उसके साथियों ने राम का मोबाइल फोन और पैसे भी छीन लिए और भाग गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सिर में चोट लगने के कारण श्रीराम चलतेचलते गिर गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि राम की मौत सिर में खून का थक्का जमने से हुई थी. अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक मेघराज को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की, जिससे हत्या का खुलासा हुआ.
राम के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या में बदल दिया है. मुख्य आरोपी ऑटो चालक मेघराज को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है.



