भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में जमीन के एक छोटेसे टुकड़े और खेत की मेढ़ काटने को लेकर उपजा विवाद एक हंसतेखेलते परिवार के उजड़ने की वजह बन गया. जमीन के महज दो डिसमिल हिस्से को लेकर हुए खूनी संघर्ष में चचेरे भाई ने कथित तौर पर 22 वर्षीय किसान राधे कुमार पर कुदाल से जानलेवा हमला कर दिया.

मृतक राधे कुमार अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था और परिवार का भरणपोषण करने के लिए खेती करता था. उसके मातापिता बासुदेव मंडल और सीता देवी भी खेतीबाड़ी से जुड़े हैं. परिजनों के मुताबिक, आरोपी महेंद्र मंडल के साथ उनकी दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी. हालांकि, पहले कई बार सामाजिक स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन आरोपी अक्सर जान से मारने की धमकी देता था. सोमवार को खेत की मेढ़ काटने को लेकर दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई.

सिर और सीने पर किए गए वार

विवाद के दौरान आरोपी महेंद्र मंडल ने कथित तौर पर आपा खोते हुए राधे कुमार के सिर और सीने पर कुदाल से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा. गंभीर हालत में उसे पहले पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए देर रात करीब 12:50 बजे राधे ने दम तोड़ दिया.

पुलिस कार्रवाई का इंतजार, फरार आरोपी की तलाश

वारदात के बाद से आरोपी महेंद्र मंडल मौके से फरार है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने और युवक की मौत के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची. खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की जा सकी थी.

वहीं, इस मामले पर पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि यह पूरा मामला गोतिया के बीच जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है. पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही परिजनों से संपर्क कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि औपचारिकताएं पूरी करने और एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.