तेलंगाना के पेड्डापल्ली में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां इंजीनियरिंग कॉलेज के एक लेक्चरर ने अपनी ही स्टूडेंट को जहर देकर हत्या कर दी है. शुरू में तो पुलिस इस मामले को सुसाइड मान रही थी, लेकिन मामले की जांच आगे बढ़ी तो पूरी कहानी खुलकर सामने आ गई. अब पता चला है कि यह वारदात एक सोचीसमझी साजिश के तहत अंजाम दी गई है. पुलिस ने आरोपी लेक्चरर को अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक मृत छात्रा की पहचान 20 वर्षीय थंद्रा अक्षिता रानी के रूप में हुई है. वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात नासपुर स्थित सिंगरेनी कॉलिरीज पॉलिटेक्निक में एक आउटसोर्स लेक्चरर 38 वर्षीय नवीन कुमार से हुई. दोनों में दोस्ती हुई और फिर दोनों में प्यार हो गया. इसी बीच अक्षिता डिप्लोमा के बाद माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए हैदराबाद आ गई. यहां वह एक अन्य युवक रवि कुमार के संपर्क में आई.

इसलिए कातिल बना प्रेमी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रवि के संपर्क में आने के बाद अक्षिता नवीन से दूरी बनाने लगी थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यह बात नवीन को नागवार लगी और वह उसकी हत्या की साजिश में जुट गया. फिर 12 सितंबर को एफसीआई क्रॉसरोड के पास अक्षिता को रोक लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया. इसके बाद उसने अक्षिता को डरा धमकाकर सुसाइड नोट लिखवाया. इसमें रवि कुमार पर यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगवाए. फिर कोई जहरीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी.

मौत तक किया इंतजार

आरोपी ने अक्षिता को जहर देने के बाद उसकी मौत तक इंतजार किया. वहीं जब वह आश्वस्त हो गया कि उसकी मौत हो चुकी है तो उसने अक्षिता के ही फोन से उसके पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी. हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्डिंग और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे पूरे मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.