शिमला। हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के साथ ही पानी के स्रोत और झीलें जमने लगी हैं, वहीं मैदानी क्षेत्रों में सुबह और देर रात घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जनजातीय क्षेत्रों में जमाने वाली ठंड पड़ रही है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण सड़कों पर सफर करना चुनौती बनता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर दृश्यता घटकर महज 50 मीटर तक रह सकती है।

अगले दो दिन संभलकर! सुबह- रात रहेगा कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 नवंबर को प्रदेश के मैदानी और जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास, मंडी के बल्ह और सुंदरनगर तथा हमीरपुर के कई हिस्सों में कोहरे का प्रभाव अधिक रह सकता है। सोमवार सुबह भी इन क्षेत्रों में कई जगह घना कोहरा देखने को मिला, जिससे वाहन चालकों को कम दृश्यता के बीच सफर करना पड़ा।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से देर रात और सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोहरे के कारण सड़क पर सामने से आने वाले वाहन और रास्ते का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
किन्नौर में जमने लगे नाले, सड़क पर फिसलन का खतरा
जनजातीय जिला किन्नौर में ठंड का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पूह उपमंडल में नेशनल हाईवे-5 पर स्थित मलिंग नाले का पानी जमना शुरू हो गया है। नाले से बहने वाला पानी सड़क के आसपास जमने से एनएच-5 पर बर्फ की परत बनने लगी है। इससे सड़क पर फिसलन का खतरा बढ़ गया है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने पर सड़क यातायात तथा स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है।
केलांग में माइनस 2 डिग्री, नौ स्थानों पर पारा 5 डिग्री से नीचे
प्रदेश में रातें लगातार सर्द होती जा रही हैं। लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। राज्य के नौ स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री या इससे नीचे दर्ज किया गया है। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी रात की ठंड बढ़ रही है। रविवार रात शिमला का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा, जबकि सोलन में 5.0, पालमपुर में 5.5 और सुंदरनगर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंबा में 6.0, मंडी में 6.7 और कांगड़ा में 7.5 डिग्री तापमान रहा। यानी कई मैदानी क्षेत्रों में रातें राजधानी शिमला के मुकाबले ज्यादा ठंडी महसूस हो रही हैं।
रात और सुबह कंपकंपाएगी ठंड
सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। दिनभर धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहा। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री, कांगड़ा में 26.1, बिलासपुर में 26.0, चंबा में 24.1 और मंडी में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नाहन में अधिकतम तापमान 22.5, सोलन में 22.2, शिमला में 19.0, मनाली में 17.0, कल्पा में 15.8, केलांग में 13.7 और ताबो में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप और रात में गिरते तापमान के कारण प्रदेश में तापमान का अंतर भी महसूस किया जा रहा है।
29 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 29 नवंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में बारिश और बर्फबारी के कोई खास आसार नहीं हैं। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ती जा रही है। नवंबर में प्रदेश में सामान्य से करीब 74 से 75 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में अब तक नवंबर के दौरान बारिश नहीं हुई है। कांगड़ा में सामान्य से 99 फीसदी, मंडी में 98 फीसदी, कुल्लू में 97 फीसदी और सोलन में 94 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। शिमला में बारिश की कमी 88 फीसदी, चंबा में 82 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 52 फीसदी और किन्नौर में 27 फीसदी रही है।
गेहूं की बिजाई प्रभावित, सेब बागवान बर्फबारी का कर रहे इंतजार
लंबे समय से बारिश नहीं होने का असर अब खेती और बागवानी पर भी दिखाई देने लगा है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने के कारण गेहूं की बिजाई प्रभावित हो रही है। वहीं सेब उत्पादक क्षेत्रों में बागवान बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। सर्दियों में होने वाली बारिश और बर्फबारी आगामी फसल के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में मौसम का लंबे समय तक शुष्क बने रहना किसानों और बागवानों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
किन्नौर प्रशासन अलर्ट, सड़कों पर मशीनरी- मजदूर तैनात रखने के निर्देश
सर्दियों में संभावित बर्फबारी और आपात परिस्थितियों को देखते हुए किन्नौर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 के संवेदनशील स्थानों निगुलसरी, नाथपा और मलिंग नाला में पर्याप्त मशीनरी और मजदूर उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में जल्द बहाली का काम शुरू किया जा सके।



